
देहरादून। राजधानी में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दून पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत पांच नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14.11 ग्राम स्मैक, 863 ग्राम चरस और 52 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब बरामद की है। बरामद मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत चार लाख 20 हजार रुपये से अधिक बताई गई है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त एक स्कूटी को भी सीज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में हरिद्वार का एक गैंगस्टर भी शामिल है, जिसके खिलाफ चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं के आठ मुकदमे दर्ज हैं।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पटेलनगर पुलिस ने 27 अक्टूबर को चेकिंग के दौरान आसमीन खातून निवासी मेहूंवाला माफी को 14.11 ग्राम स्मैक और 78,800 रुपये की नकदी के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में महिला ने बताया कि वह अपने पति मोहसिन के साथ मिलकर नशे के कारोबार में लिप्त थी। उसका पति सहारनपुर और अन्य स्थानों से सस्ते दामों पर स्मैक खरीदकर लाता था, जिसे दोनों देहरादून में नशे के आदी लोगों को महंगे दामों पर बेचते थे। बरामद नकदी स्मैक की बिक्री से प्राप्त बताई गई है। पुलिस अब इस मामले में प्रकाश में आए महिला के पति मोहसिन की तलाश कर रही है।
वहीं, रायवाला पुलिस ने गश्त के दौरान रिजेंटा होटल के पास से राम दुबे निवासी हरिपुरकला को 5.55 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी तस्करी में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी से जा रहा था, जिसे पुलिस ने सीज कर दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ हरिद्वार जिले में गैंगस्टर एक्ट समेत चोरी, लूट और अन्य आपराधिक मामलों के आठ मुकदमे दर्ज हैं। वह पूर्व में भी कई मामलों में जेल जा चुका है।

उधर, विकासनगर पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान अलग-अलग स्थानों से तीन आरोपियों को 863 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया। इनमें गुरद्वीप और राजेन्द्र निवासी शिमला, हिमाचल प्रदेश को 306 ग्राम चरस और तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी के साथ पकड़ा गया, जबकि ढालीपुर क्षेत्र से इन्तजार निवासी विकासनगर को 557 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया गया। तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त क्लेमेंटटाउन पुलिस ने 28 अक्टूबर को दूधली रोड स्थित परी एन्क्लेव के पास चेकिंग के दौरान वहीद खान निवासी रेतावाला, दूधली को 52 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



