
बेरोजगारी, महंगाई और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर साधा निशाना, 24 अक्टूबर को कोटद्वार पहुंचेगी कांग्रेस की न्याय यात्रा
कोटद्वार । उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष, प्रवक्ता एवं गढ़वाल प्रभारी धीरेंद्र प्रताप ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए जनता से इसे उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और महिला उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार इन समस्याओं पर प्रभावी अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही है।
शुक्रवार को कोटद्वार स्थित कांग्रेस कार्यालय में जिला कांग्रेस अध्यक्ष विकास नेगी की मौजूदगी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि हल्द्वानी और देहरादून में अपराध की घटनाएं चिंता का विषय बन गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार न तो कानून व्यवस्था को दुरुस्त कर पा रही है और न ही युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने और स्कूलों की व्यवस्था सुधारने में सफल रही है।
धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि कांग्रेस ने ‘वोट चोरों, गद्दी छोड़ो’ और ‘मंदिर का चंदा डकारने वालों, सत्ता छोड़ो’ जैसे नारों के साथ अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रदेशभर में जनसंपर्क कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस की न्याय यात्रा 24 अक्टूबर को कोटद्वार पहुंचेगी। इस दौरान शाम चार बजे विशाल रैली निकाली जाएगी और जनसभा आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधायक विक्रम सिंह नेगी, विधायक लखपत बुटोला और पूर्व शिक्षा मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

धीरेंद्र प्रताप के अनुसार, गणेश गोदियाल ने बदरीनाथ से अपनी यात्रा शुरू की है। कोटद्वार पहुंचने से पहले वह 24 अक्टूबर को सुबह सतपुली में जनसभा को संबोधित करेंगे। कोटद्वार में रात्रि विश्राम के बाद 25 अक्टूबर को सुबह 11 बजे लैंसडौन और शाम को बीरोंखाल में जनसभा प्रस्तावित है।
इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष विकास नेगी ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के दौरे को लेकर जिला कांग्रेस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश सरकार को सत्ता से हटाने के संकल्प के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता कोटद्वार और इसके बाद लैंसडौन में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
पत्रकार वार्ता के बाद धीरेंद्र प्रताप और विकास नेगी दुगड्डा के लिए रवाना हो गए। वहां जिला कांग्रेस की बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों की समीक्षा की गई।



