
रायवाला में बंगाल के पर्यटक का 18 हजार रुपये और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग बरामद, ऋषिकेश में अमेरिकी सैलानी का 250 डॉलर व दस्तावेजों वाला बैग सीसीटीवी की मदद से खोजा
देहरादून । उत्तराखंड की मेहमाननवाजी और ‘अतिथि देवो भव:’ की परंपरा को दून पुलिस ने अपनी कार्यशैली से एक बार फिर चरितार्थ किया है। एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में पुलिस ने तत्परता और ईमानदारी का परिचय देते हुए दो अलग-अलग मामलों में देशी और विदेशी पर्यटकों के खोए हुए बैग बरामद कर उन्हें सकुशल वापस सौंपे। पुलिस की इस कार्यवाही से पर्यटकों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई और उन्होंने उत्तराखंड पुलिस का आभार जताया।
पहला मामला कोतवाली रायवाला क्षेत्र का है। पश्चिम बंगाल के कोलकाता निवासी अर्नव मुखर्जी 30 अक्टूबर को सुबह करीब 10 बजे पुलिस के पास पहुंचे और बताया कि वह घूमने के लिए रुद्रप्रयाग जा रहे थे। इसी दौरान रायवाला के खांड गांव नंबर-1 के गेट के सामने उनका बैग कहीं गिर गया। ऋषिकेश पहुंचने पर उन्हें बैग गुम होने की जानकारी हुई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से मदद मांगी।
सूचना मिलते ही रायवाला पुलिस ने तत्काल बताए गए स्थान पर पहुंचकर बैग की तलाश शुरू की। आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन के दौरान पुलिस को नेशनल हाईवे के पास बैग बरामद हो गया। बैग में 18 हजार रुपये नकद, एटीएम कार्ड, क्रेडिट कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित रखे हुए थे। पुलिस ने सभी सामान के साथ बैग पर्यटक को सुपुर्द कर दिया। अपना खोया सामान वापस मिलने पर अर्नव मुखर्जी ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
दूसरा मामला कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र का है, जहां एक अमेरिकी पर्यटक का बैग पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से खोज निकाला। अमेरिकी नागरिक ने पुलिस कंट्रोल रूम ऋषिकेश पहुंचकर बताया कि मोटरसाइकिल से हरिद्वार जाते समय कोयल घाटी के पास उनका बैग गिर गया था। बैग में करीब 250 अमेरिकी डॉलर और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के अवलोकन में एक स्कूटर पर सवार दो व्यक्तियों द्वारा उक्त बैग ले जाना सामने आया। इसके बाद पुलिस ने स्कूटर के पंजीकरण नंबर के आधार पर उसके स्वामी से संपर्क किया और विदेशी पर्यटक का खोया हुआ सामान बरामद कर उन्हें सुरक्षित सौंप दिया।
अपना सामान वापस मिलने से खुश अमेरिकी पर्यटक ने देहरादून पुलिस की कार्यशैली की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम ऋषिकेश को धन्यवाद स्वरूप अपने हाथों से लिखा पत्र भी सौंपा और उत्तराखंड पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।
दोनों घटनाओं में दून पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और ईमानदार कार्यशैली ने पर्यटकों का भरोसा मजबूत किया है। पुलिस की इस पहल ने यह संदेश भी दिया है कि उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा और सहायता पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है।



