
ब्रेकिंग न्यूज़ | देहरादून
देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में देर रात नयागांव के पास सघन चेकिंग के दौरान पुलिस और बाइक सवार दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल हो गए। बदमाशों के पैर में गोली लगी है। उन्हें उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय भेजा गया।
देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में देर रात नयागांव के पास सघन चेकिंग के दौरान पुलिस और बाइक सवार दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल हो गए। बदमाशों के पैर में गोली लगी है। उन्हें उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम चेकिंग के दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास कर रही थी। पुलिस को देखकर बाइक सवार युवक चेकिंग पॉइंट पर नहीं रुके और बुडपुर की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इस दौरान पुलिस की गाड़ी भी गोली लगने से क्षतिग्रस्त हो गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अस्पताल पहुंचकर घटना के संबंध में जानकारी ली।
प्रारंभिक पूछताछ में घायल बदमाशों ने पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में नकबजनी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। बताया जा रहा है कि दोनों बदमाश आज भी किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से निकले थे। पुलिस के अनुसार, दोनों का पुराना आपराधिक इतिहास है और वे पूर्व में कई बार हरिद्वार जेल जा चुके हैं। दोनों बदमाश गैंगस्टर भी बताए जा रहे हैं।
मुठभेड़ में घायल बदमाशों की पहचान समीम पुत्र इलियास और शहजाद पुत्र इखलाक, दोनों निवासी रुड़की, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों का आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ विभिन्न आपराधिक मामलों में कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद बदमाशों के कब्जे से दो पिस्टल समेत जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किए हैं।


घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और निरीक्षण किया। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।



