
देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशों के तहत अवैध गतिविधियों और हुड़दंगियों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान कोतवाली पटेल नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पहला मामला: अवैध सट्टेबाजी में 1 गिरफ्तार, सट्टा सामग्री व नगदी बरामद पटेल नगर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रांसपोर्ट नगर स्थित श्री राम मंदिर के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से सट्टा लगवा रहा है। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान मतवार सिंह नेगी (32 वर्ष), पुत्र जीत सिंह, निवासी चंद्रमणि (थाना पटेल नगर) के रूप में हुई है। आरोपी के पास से पुलिस ने एक सट्टा पर्ची, पेन और 3,100 रुपये की नगदी बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह जल्द पैसा कमाने और कमीशन पाने के लालच में लोगों से सट्टा लगवाता था। आरोपी के खिलाफ 13 जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

दूसरा मामला: बाजार में मारपीट व हुड़दंग मचा रहे 7 उपद्रवी दबोचे अन्य मामले में पटेल नगर बाजार क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद सार्वजनिक स्थान पर मारपीट और हुड़दंग की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने उपद्रवियों को समझाने और शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी अधिक उग्र होकर आपस में भिड़ने लगे। सार्वजनिक स्थान पर शांति व्यवस्था भंग होने की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को धारा 170 BNSS के तहत गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए उपद्रवियों की सूची:
- अनूप (25) पुत्र बृजकिशोर, निवासी इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पीछे, पटेल नगर
- अमन (22) पुत्र प्रेमकुमार, निवासी संजय कॉलोनी, पटेल नगर
- रितिक (19) पुत्र रामकुमार, निवासी शिवालिक स्कूल के पास, पटेल नगर
- राजीव (19) पुत्र रविंद्र, निवासी ग्राम बहजोई कठेर, संभल (उ.प्र.)
- चंद्रप्रकाश (18) पुत्र राजेश कुमार, निवासी मऊकठैर, थाना बहजोई, संभल (उ.प्र.)
- अनुराग सैनी (21) पुत्र प्रदीप कुमार, निवासी आशीर्वाद एनक्लेव, देहराखास
- देवांश चौहान (20) पुत्र राकेश चौहान, निवासी बिहारीगढ़, सहारनपुर (उ.प्र.) हाल निवासी आशीर्वाद एनक्लेव, देहराखास

दोनों कार्रवाइयों में शामिल पुलिस टीम में कांस्टेबल गौरव और कांस्टेबल सूरज राणा शामिल रहे। दून पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि शहर की शांति व्यवस्था भंग करने वालों और अवैध कारोबार में लिप्त अपराधियों के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी सख्त रूप से जारी रहेगी।



