
डॉ. हरक सिंह रावत का केक काटकर मनाया गया जन्मदिन, कर्नल अजय कोठियाल और पार्षद सुमेंद्र बोहरा समेत कई गणमान्य लोग पहुंचे
देहरादून । वीर गोरखा कल्याण समिति की ओर से आयोजित तीन दिवसीय गोरखा दशैं-दीपावली महोत्सव एवं राजकीय मेले के दूसरे दिन शनिवार को पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों और अतिथियों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कृषि एवं उद्यान मंत्री गणेश जोशी ने दीप प्रज्वलित कर दूसरे दिन की सांस्कृतिक संध्या का विधिवत शुभारंभ किया।
महोत्सव में पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत भी पहुंचे। इस दौरान उनका केक काटकर जन्मदिन मनाया गया। कार्यक्रम में सोनिया आनंद भी मौजूद रहीं। वहीं, राज्यमंत्री एवं सेवानिवृत्त कर्नल अजय कोठियाल, मालसी वार्ड के पार्षद सुमेंद्र बोहरा तथा भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ के अध्यक्ष चंद्रवीर गायत्री की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई।
महोत्सव में ओलंपस स्कूल के चेयरपर्सन कुनाल शमशेर मल्ल, अभिनेता एवं मॉडल तथा वाईटी स्टूडियो और एटी फिटनेस की संस्थापक ट्विंकल दत्ता, लावी एंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर संतोष कुमार गुप्ता, पाल ज्वेलर्स के प्रोपराइटर हरभजन सिंह संधि, दून क्लब के पूर्व अध्यक्ष अजय शंगारी और कांग्रेस की प्रदेश कोषाध्यक्ष गोदावरी थापली सहित अनेक गणमान्य लोगों ने भी शिरकत की।

मेले में नेपाली एवं गोरखाली संस्कृति की झलक प्रस्तुत करते आकर्षक स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। पारंपरिक परिधानों, हस्तशिल्प, घरेलू उपयोग की वस्तुओं और विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजनों के 50 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों पर बड़ी संख्या में पहुंच रहे लोग खरीदारी के साथ पारंपरिक व्यंजनों का आनंद ले रहे हैं।
वीर गोरखा कल्याण समिति के अध्यक्ष कमल थापा ने कहा कि गोरखा समाज और नेपाली समुदाय की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं एवं विरासत को संरक्षित करने तथा नई पीढ़ी को इससे जोड़ने के उद्देश्य से हर वर्ष इस महोत्सव का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि मेले को सफल बनाने में सरकार, पुलिस-प्रशासन और संबंधित विभागों का लगातार सहयोग मिल रहा है। इसके लिए उन्होंने सभी का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि यह महोत्सव केवल सांस्कृतिक आयोजन ही नहीं, बल्कि विभिन्न समुदायों को एक मंच पर लाकर आपसी भाईचारे, सौहार्द और सामाजिक एकता को मजबूत करने का भी माध्यम है। दूसरे दिन भी समिति की ओर से सभी अतिथियों और आगंतुकों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।

इस अवसर पर समिति के संरक्षक ई. मेग बहादुर थापा, संरक्षक सारिका प्रधान, मेजर बीपी थापा, मेजर अमर राई, वरिष्ठ उपाध्यक्ष उर्मिला तमांग, उपाध्यक्ष सूर्य बिक्रम शाही, महासचिव विशाल थापा, कोषाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी टेकु थापा, सचिव देविन शाही, सह-सचिव आशु थापा, सांस्कृतिक सचिव देव कला दिवान, सह-सांस्कृतिक सचिव करमिता थापा, पदम थापा, संगठन मंत्री लोकेश बन, सोनू गुरुंग सहित समिति के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन देवेंद्र शाही, संकल्प पंत और श्याम राणा मगर ने संयुक्त रूप से किया।




