
बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर रहेगा जोर, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों पर भी होगी चर्चा
ढलवाला (नरेंद्रनगर)। कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी “वोट बचाओ, देश बचाओ” अभियान के तहत रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को ढलवाला में संगठनात्मक बैठक होगी। सुबह 11 बजे होने वाली इस बैठक को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के पर्यवेक्षक एवं हरियाणा के पूर्व विधायक अमित सिहाग और प्रदेश कांग्रेस के महासचिव व देवप्रयाग-नरेंद्रनगर के प्रभारी राकेश राणा संबोधित करेंगे।
जिला कांग्रेस कमेटी देवप्रयाग के अध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में अभियान की रणनीति, संगठन की मजबूती और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों पर चर्चा होगी। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद कर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

ये रहेंगे मौजूद
बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं संगठनात्मक जनपद नरेंद्रनगर-देवप्रयाग के प्रभारी राकेश राणा, नरेंद्रनगर के सह-प्रभारी एवं पीसीसी सचिव यशपाल चौहान और देवप्रयाग के सह-प्रभारी एवं पीसीसी सचिव वीरेंद्र सिंह नेगी शामिल होंगे। इनके अलावा पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं देवप्रयाग के पूर्व विधायक मंत्री प्रसाद नैथानी, नरेंद्रनगर के पूर्व विधायक ओम गोपाल रावत, पूर्व ब्लॉक प्रमुख वीरेंद्र सिंह कंडारी और नरेंद्रनगर के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र राणा भी प्रतिभाग करेंगे।
जिला, ब्लॉक और नगर कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष, मंडलम अध्यक्ष, पीसीसी सदस्य, वरिष्ठ कांग्रेस नेता, जिला पंचायत सदस्य, नगर पालिका सभासद और पार्टी के अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी बैठक में हिस्सा लेंगे।

कार्यकर्ताओं से समय पर पहुंचने की अपील
जिलाध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से रविवार सुबह 11 बजे ढलवाला में समय से पहुंचकर बैठक में भागीदारी करने की अपील की है।



