
चार दिशाओं से 22 अक्टूबर को शुरू होगी न्याय यात्रा, अंकिता भंडारी प्रकरण, बेरोजगारी, भर्ती घोटालों और भ्रष्टाचार समेत 14 मुद्दों पर सरकार को घेरेगी पार्टी
देहरादून। उत्तराखंड में सियासी सरगर्मियों के बीच प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भाजपा सरकार को घेरने के लिए प्रदेशव्यापी ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’ का ऐलान किया है। 22 अक्टूबर से प्रदेश के चारों कोनों से शुरू होने वाली यह यात्रा जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ माहौल बनाने के साथ 27 अक्टूबर को गैरसैंण में प्रस्तावित विधानसभा घेराव की पृष्ठभूमि भी तैयार करेगी। कांग्रेस ने अंकिता भंडारी प्रकरण में न्याय, बेरोजगार युवाओं के लिए पारदर्शी भर्ती व्यवस्था, पेपर लीक, भ्रष्टाचार, बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं, भूमि संरक्षण और सरकारी शिक्षा व्यवस्था समेत 14 प्रमुख मुद्दों को आंदोलन के केंद्र में रखा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में होने वाले विधानसभा घेराव में प्रदेश सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव राजेंद्र भंडारी के अनुसार, 27 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे गैरसैंण में विधानसभा का घेराव किया जाएगा। पार्टी का कहना है कि इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश की जनता की आवाज बुलंद की जाएगी और सरकार से विभिन्न मुद्दों पर जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की जाएगी।
चार दलों में बंटकर प्रदेशभर में पहुंचेगी न्याय यात्रा
कांग्रेस की योजना के तहत न्याय यात्रा चार अलग-अलग दलों के माध्यम से प्रदेश के कुमाऊं, गढ़वाल, देहरादून और हरिद्वार क्षेत्रों में आयोजित की जाएगी। पहले दल का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पश्चिम बंगाल प्रभारी प्रकाश जोशी, सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और विधायक तिलकराज बेहड़ करेंगे। यह दल 22 अक्टूबर को अल्मोड़ा स्थित गोल्ज्यू मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद रानीखेत, खैरना, भवाली और भीमताल होते हुए हल्द्वानी पहुंचेगा।
23 अक्टूबर को यात्रा लालकुआं, किच्छा, सितारगंज, नानकमत्ता और खटीमा से होते हुए रुद्रपुर पहुंचेगी। 24 अक्टूबर को गदरपुर, बाजपुर और काशीपुर होते हुए जसपुर में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दल की यात्रा का समापन 25 अक्टूबर को हल्द्वानी में पत्रकार वार्ता के साथ होगा।
दूसरे दल का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधायक विक्रम सिंह नेगी और विधायक लखपत सिंह बुटोला करेंगे। यह दल 22 अक्टूबर को बदरीनाथ धाम में पूजा-अर्चना के बाद जोशीमठ और पीपलकोटी होते हुए चमोली पहुंचेगा। 23 अक्टूबर को नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग और गौचर होते हुए रुद्रप्रयाग में यात्रा आयोजित की जाएगी। 24 अक्टूबर को सतपुली, दुगड्डा और कोटद्वार में तथा 25 अक्टूबर को लैंसडाउन और बीरोंखाल में कार्यक्रम होंगे। इसके बाद 26 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा घेराव की तैयारी बैठक आयोजित की जाएगी।
देहरादून से ऋषिकेश तक जनसंपर्क, हरिद्वार में भी जुटेंगे कार्यकर्ता
तीसरे दल का नेतृत्व चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला करेंगे। 22 अक्टूबर को टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद राजपुर और मसूरी विधानसभा क्षेत्रों में न्याय यात्रा निकाली जाएगी। 23 अक्टूबर को सहसपुर और विकासनगर, जबकि 24 अक्टूबर को चकराता विधानसभा क्षेत्र के त्यूनी में यात्रा के साथ विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। 25 अक्टूबर को कैंट और धर्मपुर तथा 26 अक्टूबर को ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम होंगे। प्रीतम सिंह 27 और 28 अक्टूबर को गैरसैंण में आयोजित विधानसभा सत्र में भी प्रतिभाग करेंगे।
चौथे दल का नेतृत्व चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह, विधायक काजी निजामुद्दीन, ममता राकेश, फुरकान अहमद, रवि बहादुर, वीरेंद्र कुमार जाति और विधायक अनुपमा रावत करेंगे। यह दल 23 अक्टूबर को हरिद्वार शहर से यात्रा शुरू कर हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र में पहुंचेगा। 24 अक्टूबर को खानपुर, मंगलौर और झबरेड़ा तथा 25 अक्टूबर को भगवानपुर, रुड़की और मंगलौर में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 30 अक्टूबर को लक्सर और ज्वालापुर में न्याय यात्रा के कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।
अंकिता प्रकरण से लेकर रोजगार और भ्रष्टाचार तक होंगे प्रमुख मुद्दे
कांग्रेस ने विधानसभा घेराव के लिए 14 मुद्दे निर्धारित किए हैं। इनमें अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने, मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग प्रमुख है। इसके अलावा ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के माध्यम से लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक अधिकारों की रक्षा, सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता, पेपर लीक पर रोक और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई जाएगी।
पार्टी स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, विशेषकर ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों में चिकित्सकों एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता, प्राकृतिक संपदा और जल स्रोतों का संरक्षण, भूमि पर कथित अवैध कब्जों पर रोक तथा विकास योजनाओं में कथित अनियमितताओं और कमीशनखोरी के खिलाफ जवाबदेही की मांग भी करेगी। इसके साथ शराब की दुकानों के अनियंत्रित विस्तार पर रोक, अवैध खनन पर कार्रवाई, सरकारी विद्यालयों को बंद होने से बचाने, शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने जैसे मुद्दे भी शामिल हैं।
सभी वरिष्ठ नेताओं और संगठनों की भागीदारी का दावा
प्रदेश कांग्रेस मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि ने बताया कि अन्य विधानसभा क्षेत्रों में विधानसभा घेराव कार्यक्रम के बाद न्याय यात्रा आयोजित की जाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत अपनी सुविधा के अनुसार विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। पार्टी के विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, प्रदेश पदाधिकारी, एआईसीसी और पीसीसी सदस्य तथा विभिन्न अनुषांगिक संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में यात्रा में भाग लेने की अपील की गई है।
कांग्रेस की यह पहल प्रदेशभर में जनसंपर्क बढ़ाने और गैरसैंण में प्रस्तावित विधानसभा घेराव के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की रणनीति के तौर पर देखी जा रही है। अब इन कार्यक्रमों के जरिए पार्टी कितनी व्यापक जनभागीदारी जुटा पाती है और सरकार की ओर से उठाए गए मुद्दों पर क्या प्रतिक्रिया आती है, इस पर राजनीतिक हलकों की नजर रहेगी।




