
भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना, भर्ती प्रक्रिया, 2016 के राजनीतिक घटनाक्रम और विवादित मुद्दों पर जवाब देने की दी चुनौती
देहरादून। कांग्रेस की प्रस्तावित उत्तराखंड न्याय यात्रा को लेकर भाजपा ने निशाना साधा है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि दूसरों से न्याय का हिसाब मांगने निकली कांग्रेस को पहले अपने शासनकाल और नेताओं से जुड़े विवादों पर जनता को जवाब देना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस से न्याय यात्रा शुरू करने से पहले प्रदेश के युवाओं से माफी मांगने की मांग की।
चौहान ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति में दोहरा चरित्र दिखाई देता है। सत्ता में रहते हुए जवाबदेही से बचना और विपक्ष में आने पर जनहित के मुद्दों को लेकर यात्राएं निकालना उसकी पुरानी प्रवृत्ति रही है। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस शासनकाल में उठे सवालों का जिक्र करते हुए पूछा कि उस दौरान युवाओं को रोजगार देने और भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए क्या ठोस कदम उठाए गए थे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भर्ती घोटालों और नौकरियों में कथित अनियमितताओं को लेकर उठे सवालों पर कांग्रेस को अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए। चौहान ने कांग्रेस अध्यक्ष से भी विवादित मुद्दों पर जवाब देने की मांग की। उन्होंने मुस्लिम यूनिवर्सिटी की स्थापना से जुड़े विवाद और सरकारी कर्मचारियों के लिए जुमे की छुट्टी को लेकर हुई राजनीतिक चर्चा का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस को इन विषयों पर अपना रुख साफ करना चाहिए।
भाजपा नेता ने वर्ष 2016 के राजनीतिक घटनाक्रम और उस समय सामने आए स्टिंग ऑपरेशन का जिक्र करते हुए तत्कालीन कांग्रेस सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने अतीत से जुड़े राजनीतिक और नैतिक सवालों का जवाब देने से बचना नहीं चाहिए। जनता केवल नारों के आधार पर भरोसा नहीं करती, बल्कि राजनीतिक दलों से उनके कामकाज का हिसाब भी मांगती है।
चौहान ने कहा कि बेरोजगारी, पलायन, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सवाल उठाना विपक्ष का अधिकार है, लेकिन कांग्रेस को अपने कार्यकाल में किए गए कार्यों का रिपोर्ट कार्ड भी सामने रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बताए कि रोजगार सृजन, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और पहाड़ों से पलायन रोकने के लिए उसकी सरकार ने क्या प्रभावी कदम उठाए थे।
भाजपा मीडिया प्रभारी ने भ्रष्टाचार और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सवाल उठाना जरूरी है, लेकिन आरोपों के समर्थन में प्रमाण प्रस्तुत करना भी उतना ही आवश्यक है।
भाजपा मीडिया प्रभारी ने भ्रष्टाचार और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सवाल उठाना जरूरी है, लेकिन आरोपों के समर्थन में प्रमाण प्रस्तुत करना भी उतना ही आवश्यक है।
चौहान ने कहा कि प्रदेश की जनता को राजनीतिक यात्राओं और भाषणों से अधिक रोजगार, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, पलायन का समाधान और पारदर्शी शासन व्यवस्था चाहिए। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि इन समस्याओं के समाधान के लिए उसके पास क्या ठोस योजना है।



