
बदरीनाथ से शुरू होकर गैरसैंण पहुंचेगी यात्रा, 27 अक्टूबर को विधानसभा घेराव कर महंगाई, बेरोजगारी और अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर उठाए जाएंगे सवाल
देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस की न्याय यात्रा आगामी 24 और 25 अक्टूबर को पौड़ी जनपद की चौबट्टाखाल, यमकेश्वर, कोटद्वार और लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेगी। उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता तथा पौड़ी गढ़वाल के नवनियुक्त प्रभारी धीरेंद्र प्रताप ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में विधायक विक्रम सिंह नेगी और लखपत बुटोला भी शामिल होंगे। उनके अनुसार, 22 अक्टूबर को बदरीनाथ से शुरू होने वाली न्याय यात्रा के माध्यम से कांग्रेस जनसमस्याओं को उठाएगी और जनता के बीच अपनी बात रखेगी।
धीरेंद्र प्रताप ने बताया कि 24 अक्टूबर को न्याय यात्रा सुबह 11 बजे चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के सतपुली पहुंचेगी। इसके बाद दोपहर दो बजे यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र के दुगड्डा और शाम चार बजे कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं, 25 अक्टूबर को सुबह 11 बजे लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं को संबोधित किया जाएगा, जबकि दोपहर तीन बजे यात्रा चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के बीरोंखाल विकासखंड मुख्यालय पहुंचेगी।
उन्होंने बताया कि 26 अक्टूबर को न्याय यात्रा गैरसैंण पहुंचेगी। इसके बाद 27 अक्टूबर से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस की ओर से विधानसभा घेराव किया जाएगा। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और हजारों कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना जताई गई है।
धीरेंद्र प्रताप के अनुसार, विधानसभा घेराव के दौरान महंगाई, बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में कथित घोटालों, महिलाओं के खिलाफ अपराध और जंगली जानवरों के हमलों से नागरिकों की मौत तथा खेती-बाड़ी को हो रहे नुकसान जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाएंगे। कांग्रेस अंकिता भंडारी प्रकरण का मुद्दा भी उठाएगी। पार्टी दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने का विरोध करते हुए उनकी नियुक्ति वापस लेने की मांग करेगी। इसके अलावा वोट चोरी और चंदा चोरी से जुड़े आरोपों को भी आंदोलन में शामिल किया जाएगा।
धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि न्याय यात्रा के जरिए कांग्रेस प्रदेश की विभिन्न समस्याओं को जनता के बीच ले जाने के साथ सरकार के समक्ष भी उठाएगी। उन्होंने पौड़ी जनपद के कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पार्टी के अग्रिम संगठनों, विधायकों, पूर्व प्रत्याशियों और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों से यात्रा एवं विधानसभा घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी की अपील की।



