
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस और इंडिया गठबंधन द्वारा नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने इसे सिखों के जख्मों पर नमक छिड़कने, व्यापारियों को नुकसान पहुंचाने और अराजक मंशा वाले तत्वों का जमावड़ा करार दिया।
पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में भट्ट ने कहा कि कांग्रेस की यह रैली त्योहारी सीजन में अराजकता फैलाने और देश की अर्थव्यवस्था को कमजोर करने की साजिश का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि जो लोग पिछले 15 साल से जनता को अपनी बात समझाने में विफल रहे हैं और संसद में हंगामे को अपना अधिकार समझते हैं, उनसे ज्यादा उम्मीद नहीं की जा सकती।
भट्ट ने सीधे आरोप लगाया कि 1 नवंबर 1984 को दिल्ली सहित पूरे देश में सिखों का नरसंहार करने वाले कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता ही इस रैली के मुख्य आयोजक बने हैं। ऐसे में यह रैली कहीं न कहीं 1984 के दंगों के जख्मों पर नमक छिड़कने की कोशिश है। साथ ही कांग्रेस की मंशा दिल्ली से संचालित उत्तर भारत के थोक बाजार को बाधित कर दीपावली के त्योहारी सीजन में अर्थव्यवस्था को चोट पहुंचाने की थी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और विपक्ष को ऐसे कार्यक्रम करते समय हिंदू त्योहारों के प्रभावित होने की जरा भी चिंता नहीं रहती, जबकि रमजान के दौरान खाड़ी देशों से लेकर पाक-अफगान तक दुनिया भर के युद्ध रोकने की वकालत हमारे देश में की जाती है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत के संबंधियों पर जमीन कब्जाने के आरोपों पर भट्ट ने स्पष्ट किया कि जमीन कब्जे की शिकायत दर्ज कराना हर पीड़ित का अधिकार है और मुकदमा दर्ज करना प्रशासनिक दायित्व है। सभी को जांच रिपोर्ट का इंतजार करना चाहिए। यदि तथ्य नहीं हैं तो हरक सिंह रावत को डरने की क्या जरूरत है, लेकिन इतने बड़े नेता का नाम आरोपी के रूप में आना चिंता का विषय है।
जेनी प्रकरण को लेकर उन्होंने कहा कि यह पूरा प्रकरण कांग्रेस शासनकाल में हुआ था। उस समय जेनी द्वारा लगाए गए आरोपों में कुछ तथ्यात्मक बातें होंगी जो सार्वजनिक होनी चाहिए। कालीन के नीचे दबा सच तो सामने आना ही चाहिए।




