
देहरादून। पूर्व प्रधानमंत्री और महान अर्थशास्त्री स्व. डॉ. मनमोहन सिंह की जयंती पर शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने डॉ. सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी और देश के विकास में उनके योगदान को याद किया।
इस अवसर पर गोदियाल ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह भारतीय राजनीति में सादगी, शालीनता, ईमानदारी और विद्वता के प्रतीक थे। उन्होंने कहा कि महान अर्थशास्त्री से लेकर वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री तक उन्होंने हर दायित्व को निष्ठा और गरिमा के साथ निभाया। वर्ष 1991 में वित्त मंत्री के रूप में उन्होंने देश को आर्थिक संकट से निकालने के लिए ऐतिहासिक सुधारों की शुरुआत की, जिससे भारत वैश्विक आर्थिक शक्ति के रूप में उभरा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल में मनरेगा, सूचना का अधिकार, शिक्षा का अधिकार, खाद्य सुरक्षा कानून, आधारभूत ढांचे का विस्तार और सामाजिक सुरक्षा जैसे ऐतिहासिक कदम उठाए गए। उनकी सरकार में भारत ने उच्च विकास दर हासिल की और करोड़ों लोग गरीबी से बाहर निकले। उत्तराखंड के विकास में भी यूपीए सरकार का बड़ा योगदान रहा। विशेष केंद्रीय सहायता, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास योजनाओं में केंद्र ने पर्वतीय राज्य की चुनौतियों को समझते हुए विशेष सहयोग दिया।
गोदियाल ने कहा कि डॉ. सिंह की कार्यशैली में सत्ता का अहंकार नहीं, सेवा भाव था। वे विद्वता के बावजूद सरल और विनम्र रहे और कभी राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता को व्यक्तिगत कटुता नहीं बनने दिया। उनका जीवन संदेश देता है कि राजनीति सत्ता नहीं, राष्ट्र निर्माण और जनसेवा का साधन है।
कार्यक्रम में महामंत्री संगठन राजेन्द्र भंडारी, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, अश्विनी बहुगुणा, सुजाता पॉल, प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी, मदन लाल, नितिन बिष्ट, राजीव केशववाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



