
‘भूमि बचाओ–धामी हटाओ’ अभियान के तहत भाजपा सरकार को घेरेगी कांग्रेस, गणेश गोदियाल से लेकर हरीश रावत तक को सौंपी गई जिम्मेदारी; विजय गुणसोला बोले- भाजपा राज में महिलाएं असुरक्षित, युवा बेरोजगार
देहरादून । उत्तराखंड में सरकारी जमीनों के कथित दुरुपयोग और बंदरबांट के विरोध में कांग्रेस बुधवार, 4 नवंबर को प्रदेशव्यापी ‘भूमि बचाओ–धामी हटाओ’ अभियान शुरू करेगी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आह्वान और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर प्रदेश के 11 स्थानों पर सुबह 10 बजे विरोध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के जरिए कांग्रेस भाजपा सरकार को सरकारी संपत्तियों और सार्वजनिक भूमि के मुद्दे पर घेरने की तैयारी में है। इसके लिए पार्टी ने वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में सरकारी जमीनों और सार्वजनिक संपत्तियों का इस्तेमाल निजी हितों के लिए किया जा रहा है। कांग्रेस इसे बर्दाश्त नहीं करेगी और प्रदेश के प्राकृतिक संसाधनों, सरकारी संपत्तियों तथा जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।
अभियान के तहत नैनीताल के पटवाडांगर और ज्योलीकोट में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य तथा गुरदीप सिंह सप्पल जिम्मेदारी संभालेंगे। अल्मोड़ा और कटारमल में विधायक मनोज तिवारी और पूर्व विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल, जबकि रानीखेत में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा को जिम्मेदारी दी गई है। हल्द्वानी के एचएमटी रानीबाग में विधायक तिलकराज बेहड़ और सुमित हृदयेश अभियान का नेतृत्व करेंगे। भीमताल क्षेत्र में उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और विधायक आदेश चौहान को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
देहरादून-ऋषिकेश के आईडीपीएल क्षेत्र में पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत, देहरादून-विकासनगर के डाकपत्थर में प्रीतम सिंह और देहरादून-मसूरी के जॉर्ज एवरेस्ट एवं हाथीपांव क्षेत्र में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल अभियान की कमान संभालेंगे। टिहरी के धनोल्टी में विधायक विक्रम सिंह नेगी और लखपत बुटोला, हरिद्वार में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, विधायक ममता राकेश, अनुपमा रावत और रवि बहादुर तथा रानीपुर के सलेमपुर महदूद में विधायक फुरकान अहमद और वीरेंद्र जाति को जिम्मेदारी दी गई है।
कांग्रेस ने जिन स्थानों को अभियान के लिए चुना है, उनमें आईडीपीएल ऋषिकेश की 633 एकड़, डाकपत्थर की 180 एकड़, जॉर्ज एवरेस्ट एस्टेट की लगभग 142 एकड़, धनोल्टी की 247 एकड़, एचएमटी रानीबाग की 53 एकड़ और रामगढ़ की 15 एकड़ भूमि सहित अन्य सरकारी संपत्तियां शामिल हैं।
संगठन को मजबूत करने में जुटी कांग्रेस
इधर, महानगर कांग्रेस के प्रभारी एवं प्रदेश महासचिव विजय गुणसोला ने देहरादून महानगर की रायपुर, राजपुर, मसूरी, धर्मपुर और कैंट विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारियों, ब्लॉक अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों और बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने और विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकारिणी गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में कार्यकर्ताओं की मेहनत ही जीत का आधार बनेगी।
गुणसोला ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में महिलाएं असुरक्षित हैं और युवा बेरोजगारी की समस्या से जूझ रहे हैं। जनता अब भाजपा को सत्ता से हटाने का मन बना चुकी है। बैठक में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी ने जिला प्रभारी और विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारियों का स्वागत किया।
इस दौरान मसूरी विधानसभा प्रभारी अमेंद्र बिष्ट, रायपुर प्रभारी रुचि कैंतुरा, कैंट प्रभारी गुरजीत लाहिरी, राजपुर प्रभारी राकेश अग्रवाल सहित ब्लॉक अध्यक्ष अनूप सक्सेना, वीरेंद्र पंवार, सुनील थपलियाल, संजय उनियाल, ललित भद्री, विनीत प्रसाद भट्ट और बड़ी संख्या में बूथ एवं मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे।
वहीं, प्रदेश कांग्रेस महामंत्री संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी ने सभी जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटियों, विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से निर्धारित कार्यक्रम स्थलों पर पहुंचकर अभियान को सफल बनाने की अपील की।




