
कांग्रेस के पास घटनाओं की सूची, हमारे पास कार्रवाई के आंकड़े
देहरादून। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने रायपुर के विष्णुलोक में हुए तिहरे हत्याकांड को बेहद गंभीर और दुखद बताते हुए कहा कि कांग्रेस पीड़ित परिवार के साथ संवेदना दिखाने के बजाय राजनीतिक हमले पर उतारू है।
चौहान ने कहा कि तीन निर्दोष लोगों की हत्या से पूरा समाज स्तब्ध है, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सरकार का स्पष्ट निर्देश है कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। किसी एक जघन्य घटना के आधार पर पूरे प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर फैसला सुनाना जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका नहीं है।
उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था का आकलन केवल घटनाओं की सूची गिनाकर नहीं, बल्कि अपराध के बाद पुलिस की कार्रवाई की गति से होता है। कांग्रेस को सरकार की कार्रवाई नहीं दिखती, लेकिन ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत वांछित और पेशेवर अपराधियों के खिलाफ हुई कार्रवाई को याद रखना चाहिए।
चौहान ने कहा कि कांग्रेस काल में कानून-व्यवस्था अपराध और अव्यवस्था के बीच फंसी रही, जबकि भाजपा सरकार ने पुलिस बल, तकनीक और कठोर कानूनों से व्यवस्था मजबूत की है। अवैध खनन पर तकनीकी निगरानी, दो समर्पित साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, प्रतियोगी परीक्षाओं में धोखाधड़ी रोकने के लिए कठोर कानून इसके उदाहरण हैं। फरवरी 2023 के कानून के तहत भर्ती धोखाधड़ी को संज्ञेय और गैर-जमानती अपराध बनाया गया, संगठित पेपर लीक में आजीवन कारावास और 10 करोड़ तक जुर्माने का प्रावधान किया गया।
उन्होंने बताया कि ‘ऑपरेशन कालनेमि’ के तहत 170 से अधिक फर्जी बाबाओं को हिरासत में लिया गया, जिनमें 45 हरिद्वार से थे। अगस्त 2025 तक 4,000 से अधिक लोगों का सत्यापन और 300 से अधिक आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।
पुलिस सशक्तिकरण पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस काल में प्रति लाख आबादी पर 188.9 पुलिसकर्मी थे, जो भाजपा शासन में बढ़कर 280 हो गए हैं। कांस्टेबल रिक्ति 7.22 प्रतिशत से घटकर 0.6 प्रतिशत और महिला पुलिस की हिस्सेदारी 7.7 से बढ़कर 12.2 प्रतिशत हुई है। कोर्ट हॉल की कमी 22.2 प्रतिशत से घटकर 15.1 प्रतिशत हुई और कानूनी सहायता में उत्तराखंड 17वें से चौथे स्थान पर पहुंचा है।
चौहान ने कहा कि रायपुर की घटना में जांच जारी है और दोषियों पर कठोर कार्रवाई होगी। कांग्रेस घटनाओं को राजनीतिक हथियार बनाने के बजाय जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाए।



