
विधानसभा प्रभारी अमेंद्र बिष्ट ने ब्लॉक अध्यक्षों को 15 दिन में मंडल, वार्ड और बूथ कार्यकारिणी तैयार करने के दिए निर्देश; कल होने वाली न्याय यात्रा में अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी का आह्वान
देहरादून । आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने और संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से मसूरी विधानसभा क्षेत्र के नवनियुक्त विधानसभा प्रभारी अमेंद्र बिष्ट ने मसूरी नगर, मसूरी ग्रामीण और जाखन ब्लॉक के अध्यक्षों के साथ कांग्रेस भवन में बैठक की। बैठक में सभी नगर एवं ब्लॉक अध्यक्षों ने नवनियुक्त प्रभारी का स्वागत किया और संगठन विस्तार पर चर्चा की।
बैठक के दौरान अमेंद्र बिष्ट ने सभी ब्लॉक अध्यक्षों से आग्रह किया कि वे आगामी पंद्रह दिनों के भीतर अपने-अपने क्षेत्रों में मंडल, वार्ड और बूथ स्तर की कार्यकारिणी तैयार करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ब्लॉक अध्यक्ष वरिष्ठ नेताओं, बीएलए प्रतिनिधियों और बूथ अध्यक्षों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित करके कार्य करें, ताकि चुनावी तैयारी में कोई कमी न रहे।
प्रभारी ने कार्यकर्ताओं को कल मसूरी विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित न्याय यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा को जनता के बीच पार्टी की नीतियों और मुद्दों को पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनाया जाए।

बैठक में जाखन ब्लॉक अध्यक्ष अनूप सक्सेना, मसूरी ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष रितेश जोशी और मसूरी नगर अध्यक्ष अमित गुप्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी पदाधिकारियों ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी चुनाव में पार्टी को विजयी बनाने के प्रति प्रतिबद्धता जताई।



