
उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को जनपद उत्तरकाशी के पुरोला विधानसभा क्षेत्र के बर्नीगाड़ (कुंवा) में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित सेवा सेतु जनसेवा शिविर में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने लगभग 217 करोड़ रुपये की लागत के 38 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया, जिनमें 30 कार्यों का शिलान्यास तथा 8 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का भी शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास को नई गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ के स्थायी भवन एवं परिसर के निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने, राजा रघुनाथ देवडोकरी में मिनी स्टेडियम बनाने तथा बर्नीगाड़ थाला चौक से राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ तक मोटर मार्ग निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही राजकीय महाविद्यालय बड़कोट एवं चिन्यालीसौड़ को उच्चीकृत करने की भी घोषणा की गई। उन्होंने पूर्व में घोषित डाडा गांव छानी से टटाऊ तक पुल एवं सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने का आश्वासन भी दिया।

मुख्यमंत्री ने 194 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 30 विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें लोक निर्माण विभाग पुरोला के 6 करोड़ रुपये के 5 कार्य, लोक निर्माण विभाग बड़कोट के 6 करोड़ 61 लाख रुपये के 4 कार्य, पीएमजीएसवाई खंड पुरोला के 176 करोड़ 87 लाख रुपये के 18 कार्य तथा सिंचाई खंड पुरोला के 5 करोड़ 12 लाख रुपये के 3 कार्य शामिल हैं। वहीं, 22 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 8 कार्यों का लोकार्पण किया गया, जिनमें लोक निर्माण, समग्र शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा और पीएमजीएसवाई से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं। इन कार्यों से क्षेत्र में सड़क संपर्क, सिंचाई एवं शिक्षा की बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और योजनाओं के लाभार्थियों को चेक तथा उपकरण वितरित किए। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाना है, ताकि आम नागरिकों को अपने कामों के लिए तहसील या जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क और अवस्थापना से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ के शुभारंभ से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय हेतु भूमि उपलब्ध हो चुकी है और स्थायी भवन तथा परिसर के निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में सड़क, पर्यटन, शिक्षा और अवस्थापना सुविधाओं के विस्तार पर लगातार काम होने का दावा किया।
मंच से मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण, रोजगार और चारधाम यात्रा से जुड़े बिंदु भी रखे। उन्होंने बताया कि राज्य में 3 लाख 10 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं, जबकि इस वर्ष चारधाम यात्रा में 59 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने समान नागरिक संहिता, सख्त भू-कानून, नकल विरोधी कानून और पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी देने का उल्लेख किया।

इस अवसर पर पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय के शुभारंभ और विकास योजनाओं के शिलान्यास-लोकार्पण से क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



