
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को नगला तराई में आयोजित रामलीला कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र से प्रेरणा लेकर उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का जीवन हमें एकजुट होकर धर्म और नैतिकता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि की सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहरों को सहेजने के लिए पूरी दृढ़ता से काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केदारनाथ पुनर्निर्माण और केदारखंड व मानसखंड के मंदिरों के जीर्णोद्धार का कार्य तेजी से चल रहा है। प्रदेश की पवित्रता और सांस्कृतिक पहचान बनाए रखने के लिए अवैध अतिक्रमण और छद्म वेशधारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। गरीबों के लिए पक्के मकान, हर घर नल से जल, गैस कनेक्शन, 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज, महिलाओं के लिए लखपति दीदी और ड्रोन दीदी योजना, युवाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट, किसानों के लिए सम्मान निधि, सैनिकों के लिए आधुनिक सुविधाएं और पूर्व सैनिकों के लिए वन रैंक-वन पेंशन लागू की गई है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, ग्राम प्रधान दीपू मेहरा सहित रामलीला कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे।




