
एसएसपी टिहरी से फोन पर बात कर ली प्रकरण की जानकारी, जांच में लापरवाही न बरतने और परिजनों को प्रगति से अवगत कराने के निर्देश
देहरादून। टिहरी गढ़वाल के प्रतापनगर क्षेत्र निवासी रेशमा देवी (रेशमा बिष्ट) के लापता होने के मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंभीरता दिखाते हुए उनकी तलाश के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने इस संवेदनशील प्रकरण में परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने एसएसपी टिहरी से फोन पर वार्ता कर मामले की जानकारी ली और रेशमा की तलाश के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी व्यक्ति का लापता होना उसके परिवार के लिए बेहद पीड़ादायक और संवेदनशील स्थिति होती है। ऐसे मामलों में पुलिस और प्रशासन को सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए तत्परता से कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने उपलब्ध तकनीकी और वैज्ञानिक संसाधनों का प्रभावी उपयोग कर तलाश एवं जांच को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा करने और रेशमा की तलाश के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच और तलाश की कार्रवाई में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। साथ ही, परिजनों को मामले की प्रगति से नियमित रूप से अवगत कराने के निर्देश भी दिए, ताकि उन्हें जांच की स्थिति की जानकारी मिलती रहे।
मुख्यमंत्री धामी ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और रेशमा की सकुशल तलाश के लिए पुलिस एवं प्रशासन के स्तर पर हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।



