
सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश, समय से पहले सभी तैयारियां पूरी करने के दिए आदेश
देहरादून। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून के परेड ग्राउंड पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, यातायात संचालन, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक जनसुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित और प्रभावी होनी चाहिए। विशेष रूप से कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुविधा और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश और निकास के लिए पर्याप्त व्यवस्था करने तथा पार्किंग स्थलों को व्यवस्थित रखने पर भी जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों और विभागों की जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से निर्धारित की जाएं। तैयारियों की नियमित समीक्षा की जाए और प्रत्येक व्यवस्था को समय रहते पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम के सुचारु एवं सफल आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, सचिव शैलेश बगोली, विनय शंकर पाण्डेय सहित शासन और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




