
3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना, पर्वतीय इलाकों में गरज-चमक के भी आसार
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम के मिजाज में बदलाव के संकेत हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश के पर्वतीय जिलों में आज कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 3500 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना है। कुछ पर्वतीय इलाकों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने के भी आसार हैं। इसके चलते ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड बढ़ सकती है।
दूसरी ओर, प्रदेश के मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। विशेष रूप से हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। राजधानी देहरादून और आसपास के मैदानी क्षेत्रों में भी मौसम सामान्यतः शुष्क रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
पहाड़ों में बढ़ने लगा ठंड का असर
पिछले 24 घंटों के दौरान मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य या सामान्य से थोड़ा कम दर्ज किया गया, जबकि पर्वतीय इलाकों में तापमान सामान्य से लेकर काफी कम रहा। हाल के दिनों में उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के बाद पहाड़ों में ठंड का असर बढ़ने लगा है। आगामी दिनों में बारिश और बर्फबारी होने पर ऊंचाई वाले क्षेत्रों के साथ आसपास के निचले पर्वतीय इलाकों में भी तापमान में गिरावट आ सकती है।
फिलहाल कोई मौसम अलर्ट नहीं
मौसम विभाग ने आज के लिए प्रदेश में कोई चेतावनी जारी नहीं की है। हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम तेजी से बदलने की संभावना को देखते हुए स्थानीय लोगों और ऊंचाई वाले इलाकों की यात्रा करने वाले पर्यटकों को सतर्क रहने तथा मौसम के ताजा पूर्वानुमान पर नजर रखने की सलाह दी गई है।



