
चमोली। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर जनपद चमोली की तीनों विधानसभा क्षेत्रों की विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद अंतिम मतदाता सूची आज शनिवार को प्रकाशित कर दी गई है।
अंतिम प्रकाशन के अनुसार जिले की तीनों सीटों 04-बद्रीनाथ, 05-थराली (अ.जा.) और 06-कर्णप्रयाग में कुल 2,76,007 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 1,41,891 पुरुष, 1,34,115 महिला और 01 अन्य मतदाता शामिल हैं।
निर्वाचन आयोग ने उत्तराखंड में 08 जून 2026 से SIR अभियान शुरू किया था। 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया था। 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे-आपत्तियां ली गईं और 13 अगस्त से 28 सितंबर तक उनका निस्तारण किया गया। इसके बाद आज अंतिम सूची जारी की गई।
विधानसभा वार आंकड़े –
- बद्रीनाथ : कुल 91,555 मतदाता, जिनमें 47,163 पुरुष, 44,391 महिला और 01 अन्य।
- थराली (अ.जा.) : कुल 98,053 मतदाता, जिनमें 51,056 पुरुष और 46,997 महिला।
- कर्णप्रयाग : कुल 86,399 मतदाता, जिनमें 43,672 पुरुष और 42,727 महिला।
गौरतलब है कि SIR से पहले 08 जून 2026 को जनपद में कुल 2,95,623 मतदाता थे। बद्रीनाथ में 98,603, थराली में 1,03,039 और कर्णप्रयाग में 93,981 मतदाता पंजीकृत थे। ड्राफ्ट सूची में यह संख्या घटकर 2,72,187 रह गई थी। दावे-आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम सूची में 3,820 नए मतदाता जोड़े गए हैं।
प्रशासन ने बताया कि अंतिम सूची प्रकाशन के बाद भी छूटे हुए पात्र व्यक्ति फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वा सकते हैं। इसके लिए ECI Net App पर ऑनलाइन और BLO के माध्यम से ऑफलाइन सुविधा उपलब्ध है। विशेष बूथ स्तरीय कैंप भी लगाए जाएंगे।
BLO द्वारा प्री-SIR सूची से मिलान कर ऐसे मतदाताओं को चिन्हित किया जाएगा जिनका नाम पहले था लेकिन अब नहीं है। घर-घर जाकर सत्यापन किया जाएगा और पात्र पाए जाने पर फॉर्म-6 भरने में मदद दी जाएगी। पहली बार वोट करने वाले युवाओं, नाइट शेल्टर, लेबर कॉलोनी, बेघर और हाशिए पर रहने वाले लोगों को जोड़ने के लिए भी विशेष अभियान चलाया जाएगा।
चिन्हित सूची को राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट्स और ERO स्तर पर दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची http://www.voter.eci.gov.in और http://www.ceo.uk.gov.in पर देखी जा सकती है।



