
हल्द्वानी। प्रदेश के सिंचाई, पर्यटन, लोक निर्माण और ग्रामीण निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने रविवार को गोला नदी पर निर्माणाधीन बहुउद्देशीय जमरानी बांध परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को तय समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
काठगोदाम से लगभग 10 किलोमीटर दूर गोला नदी (रामगंगा की सहायक नदी) पर 3,808 करोड़ रुपये की लागत से जमरानी बांध का निर्माण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान मंत्री महाराज ने कहा कि यह एक बहुउद्देशीय परियोजना है, जिसके बनने से नैनीताल, ऊधमसिंह नगर के साथ उत्तर प्रदेश के बरेली और रामपुर जिलों की लगभग 57,066 हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचित होगी।

उन्होंने बताया कि इस परियोजना से हल्द्वानी और आसपास के 10 लाख से अधिक लोगों को प्रतिवर्ष 42.70 मिलियन क्यूबिक मीटर पेयजल उपलब्ध होगा। इसके अलावा मानसून के दौरान बाढ़ नियंत्रण और नदी प्रवाह के नियमन में सहायता मिलेगी, वहीं जलाशय क्षेत्र में मत्स्य पालन और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।



