
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ने की ऑडियो की निष्पक्ष जांच की मांग, कांग्रेस से कहा- चुप्पी तोड़कर जनता को दे जवाब
देहरादून। कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह के भाइयों और परिजनों से जुड़े एक कथित ऑडियो क्लिप के वायरल होने के बाद सियासत गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री एवं देहरादून की पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस को घेरा है। उन्होंने कहा कि ऑडियो में धमकी भरी भाषा, महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां और गाली-गलौज सामने आई है, जो बेहद शर्मनाक है।
मधु चौहान ने कहा कि यदि वायरल ऑडियो में सामने आए आरोप सही हैं, तो यह कांग्रेस की महिला सम्मान और न्याय की राजनीति पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उनके मुताबिक देवभूमि उत्तराखंड में महिलाओं के अपमान और आम नागरिकों को डराने-धमकाने की मानसिकता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जा सकती। उन्होंने कांग्रेस से स्पष्ट करने को कहा कि महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली भाषा और दबंगई पर उसका क्या रुख है।
कांग्रेस की न्याय यात्रा पर निशाना साधते हुए चौहान ने कहा कि एक तरफ पार्टी न्याय और महिला सम्मान की बात करती है, जबकि दूसरी तरफ उसके नेताओं और परिजनों से जुड़े ऑडियो में कथित तौर पर अमर्यादित भाषा और धमकी के आरोप सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने आचरण पर जवाब देना चाहिए, क्योंकि महिला सम्मान की बात मंचों से कहने भर से नहीं, बल्कि व्यवहार में उसकी रक्षा करने से साबित होती है।
भाजपा नेत्री ने दावा किया कि उत्तराखंड की मातृशक्ति जागरूक है और राजनीतिक पाखंड व दोहरे मापदंडों को भली-भांति समझती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति का जवाब धमकी और गाली-गलौज से देना किसी भी सभ्य राजनीतिक संस्कृति के अनुकूल नहीं है।
चौहान ने मांग की कि वायरल ऑडियो की निष्पक्ष जांच कराई जाए और आरोप प्रमाणित होने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि न्याय और नारी सम्मान की दुहाई देने वाली कांग्रेस को इन गंभीर आरोपों पर चुप्पी तोड़कर जनता के सामने अपना पक्ष रखना चाहिए।



