
उत्तराखंड के सात गढ़वाल जिलों के अग्निवीर अभ्यर्थियों की भर्ती बंगाल इंजीनियर ग्रुप एंड सेंटर, रुड़की में होगी
देहरादून। सेना भर्ती कार्यालय, लैंसडौन की ओर से उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के युवाओं के लिए अग्निवीर भर्ती रैली की महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। भर्ती वर्ष 2027 के लिए गढ़वाल क्षेत्र के सभी अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी (यूके एवं यूपी), अग्निवीर जीडी, टेक्निकल तथा ट्रेड्समैन (8वीं एवं 10वीं पास) श्रेणी के अभ्यर्थियों की भर्ती रैली 5 अक्टूबर से 23 अक्टूबर 2026 तक बंगाल इंजीनियर ग्रुप एंड सेंटर, रुड़की में आयोजित की जाएगी।
सेना भर्ती कार्यालय लैंसडौन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के चमोली, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी जिलों के अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग तिथियां निर्धारित की गई हैं।

13 अक्टूबर से उत्तराखंड के अभ्यर्थियों की भर्ती
जारी कार्यक्रम के अनुसार उत्तराखंड के अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया निम्न तिथियों पर होगी—
तिथि जिले
13 अक्टूबर 2026 उत्तरकाशी और चमोली
14 अक्टूबर 2026 चमोली
15 अक्टूबर 2026 टिहरी गढ़वाल
16 अक्टूबर 2026 पौड़ी गढ़वाल
17 अक्टूबर 2026 पौड़ी गढ़वाल
18 अक्टूबर 2026 रुद्रप्रयाग और देहरादून
19 अक्टूबर 2026 देहरादून और हरिद्वार
20 अक्टूबर 2026 अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी, अग्निवीर जीडी, टेक्निकल एवं ट्रेड्समैन सहित निर्धारित जिलों के अभ्यर्थी
नोट: अभ्यर्थियों को अपनी श्रेणी एवं निर्धारित तिथि के संबंध में सेना भर्ती कार्यालय द्वारा जारी एडमिट कार्ड/प्रवेश पत्र में दिए गए विवरण को ही अंतिम मानना चाहिए।
केवल CEE में आवेदन करने वाले अभ्यर्थी होंगे शामिल
सेना भर्ती कार्यालय की सूचना के अनुसार यह भर्ती रैली उन अभ्यर्थियों के लिए है जिन्होंने 1 जून से 12 जून 2026 के बीच ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) के लिए आवेदन किया था और भर्ती प्रक्रिया के निर्धारित चरणों को पूरा किया है। अभ्यर्थियों को रैली के लिए अपने एडमिट कार्ड में दिए गए निर्देशों का पालन करना होगा।
सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे भर्ती रैली में शामिल होने से पहले अपने सभी आवश्यक मूल दस्तावेज, प्रमाण-पत्र एवं उनकी निर्धारित प्रतियां तैयार रखें और प्रवेश पत्र में दिए गए निर्देशों के अनुसार समय पर भर्ती स्थल पर पहुंचें।

युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर
गढ़वाल क्षेत्र के युवाओं के लिए यह भर्ती रैली सेना में अग्निवीर के रूप में सेवा का महत्वपूर्ण अवसर है। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे भर्ती से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए सेना भर्ती कार्यालय लैंसडौन की आधिकारिक सूचना एवं अपने एडमिट कार्ड को ध्यानपूर्वक देखें और किसी भी बिचौलिए या अनधिकृत व्यक्ति के झांसे में न आएं।



