
उत्तरकाशी । सचिव आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग तथा आयुक्त एवं सचिव राजस्व परिषद श्रीमती रंजना राजगुरु ने जनपद भ्रमण के दौरान राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण से पूर्व उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर एवं शक्ति माता मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
अस्पताल निरीक्षण के दौरान सचिव ने दवाओं की उपलब्धता एवं स्टॉक की स्थिति की जानकारी ली और प्रतिदिन स्टॉक की नियमित जांच के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सकों की उपस्थिति, दैनिक ओपीडी की स्थिति तथा मरीजों से फीडबैक लिया। साथ ही पुरुष एवं महिला पंचकर्म कक्षों, वार्डों, योग कक्ष तथा ओपीडी का निरीक्षण कर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने और कैंटीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान उन्होंने जिला अस्पताल परिसर स्थित राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया।
इसके पश्चात जिला सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने राजस्व विभाग, आयुष विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने राजस्व वादों के निस्तारण में तेजी लाने, एग्रीस्टैक एवं फार्मर रजिस्ट्री के कार्यों को समय पर पूरा करने तथा पटवारी चौकी धौंतरी, गड़ूगाड़ एवं कानूनगो चौकी डुंडा की स्थिति की जानकारी ली। निर्माणाधीन भवनों की समीक्षा करते हुए पूर्ण कार्यों की उपयोगिता प्रमाण पत्र जल्द भेजने के निर्देश दिए।

सचिव ने राजस्व कार्यों में डिजिटाइजेशन को बढ़ावा देने, ई-ऑफिस संचालन, सेवा का अधिकार अधिनियम के तहत समय सीमा में सेवाएं देने तथा सीएम हेल्पलाइन 1905 पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने प्रमाण पत्रों की जांच में सतर्कता बरतने और सीएससी केंद्रों पर गलत दस्तावेज अपलोड करने पर कठोर कार्रवाई के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने जिला कार्यालय परिसर और स्मार्ट कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, संयुक्त संचालक चकबंदी राजस्व बोर्ड नरेश चंद दुर्गापाल, उपजिलाधिकारी शालिनी नेगी, बृजेश कुमार तिवारी, मुकेश चंद रमोला, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. रत्नमणि भट्ट सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




