
देहरादून। रुद्रपुर में किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ पर हुए कथित हमले को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है।
उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि पर हमला किया गया और स्थानीय पुलिस मूकदर्शक बनी रही, जिसकी जितनी निंदा की जाए कम है।
धीरेंद्र प्रताप ने इसे लोकतंत्र की हत्या और भाजपा की गुंडागर्दी की पराकाष्ठा बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने विधायक के अपमान को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने इस हमले के लिए दोषी भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ ही साजिश में शामिल होने का आरोप लगाते हुए पूर्व विधायक राजेश शुक्ला को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस घटना के खिलाफ कांग्रेस व्यापक लड़ाई लड़ेगी।



