
हरिद्वार। अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने शनिवार देर शाम भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ से लंबी पूछताछ की। जांच एजेंसी की टीम ने उन्हें उनके आवास से हरिद्वार स्थित शिवालिक गेस्ट हाउस लाकर करीब तीन से चार घंटे तक सवाल-जवाब किया।
पूछताछ के बाद सुरेश राठौड़ ने कहा कि वे सीबीआई की जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं और आगे भी जांच एजेंसी को सहयोग देते रहेंगे। उन्होंने बताया कि उनसे पूछे गए सभी सवालों का उन्होंने सही-सही जवाब दिया है।
उर्मिला को जानने से इनकार
पूर्व विधायक ने कहा कि वे जांच एजेंसी के साथ सहयोग के लिए तैयार हैं और आगे भी अपना पक्ष रखते रहेंगे। हालांकि, अभिनेत्री उर्मिला से जुड़े सवाल पर उन्होंने उन्हें जानने से इनकार कर दिया।
गौरतलब है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो के पास है। इसी सिलसिले में सीबीआई की टीम हरिद्वार पहुंची थी। मामले से जुड़े तथ्यों और विभिन्न पहलुओं की पड़ताल के तहत पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ से पूछताछ की गई।
इस पूछताछ को मामले की जांच से जुड़ी एक महत्वपूर्ण कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, सीबीआई ने पूछताछ के दौरान किन विशिष्ट बिंदुओं पर सवाल किए और जांच में क्या तथ्य सामने आए, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।



