
देहरादून। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा है कि आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। आंगनवाड़ी केंद्र केवल पोषण वितरण के केंद्र नहीं, बल्कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, बच्चों के विकास और किशोरियों के स्वास्थ्य-पोषण को मजबूत करने का सशक्त माध्यम हैं।
मंत्री रेखा आर्या रविवार को देहरादून के नंदा की चौकी स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में बोल रही थीं। उन्होंने कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की और लाभार्थी महिलाओं व किशोरियों को महालक्ष्मी किट, बेबी किट एवं पोषण किट वितरित किए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, नवजात शिशुओं और किशोरियों के पोषण व स्वास्थ्य के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। महालक्ष्मी किट, बेबी किट और पोषण किट के माध्यम से मातृत्व और बाल स्वास्थ्य को जरूरी सहयोग दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की योजनाओं का लाभ भी पात्र परिवारों तक पहुंचाया जा रहा है और राज्य सरकार प्रभावी क्रियान्वयन पर काम कर रही है।

मंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं और किशोरियों से सीधा संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और सुझाव लिए। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी बहनें दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक योजनाएं पहुंचाने के साथ बच्चों के पोषण, गर्भवती-धात्री महिलाओं की देखभाल और किशोरियों में स्वास्थ्य जागरूकता का काम कर रही हैं। सरकार उनके कार्य को और प्रभावी व सुविधाजनक बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम में यमनोत्री, रचना, नीरज और महिमा की गोद भराई कराई गई। महालक्ष्मी किट सुनीता व कुसुम को, बेबी किट चांदनी, पूनम व संजीदा को और पोषण किट सोनाली, दिव्या व मनीषा को प्रदान की गई।
इस अवसर पर निदेशक बंशीलाल राणा, डिप्टी डायरेक्टर विक्रम सिंह, राज्य परियोजना अधिकारी मोहित चौधरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेंद्र कुमार, नोडल अधिकारी उदय प्रताप सिंह, कार्यक्रम अधिकारी सरोज त्रिपाठी, आंगनवाड़ी कार्यकत्री रचना देवी सहित विभागीय अधिकारी, लाभार्थी महिलाएं और बच्चे उपस्थित रहे।





