
उपाध्यक्ष, सह सचिव और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर बिना मुकाबले जीते तीनों प्रत्याशी, कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर मनाया जश्न
देहरादून। श्री गुरु राम राय (एसजीआरआर) पीजी कॉलेज के छात्रसंघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने तीन प्रमुख पदों पर ऐतिहासिक निर्विरोध जीत दर्ज की है। उपाध्यक्ष पद पर ऋषभ भट्ट, सह सचिव पद पर महक तथा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (यूआर) पद पर सिमरन कौर निर्विरोध निर्वाचित घोषित की गईं। इस एकतरफा जीत को आगामी दिनों में प्रदेशभर के महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में होने वाले छात्रसंघ चुनावों के लिए शुभ संकेत माना जा रहा है।
तीनों पदाधिकारियों के निर्विरोध चुने जाने की घोषणा होते ही महाविद्यालय परिसर में एबीवीपी कार्यकर्ताओं और छात्रों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने “विद्यार्थी परिषद जिंदाबाद” और “छात्र शक्ति-राष्ट्र शक्ति” के नारे लगाते हुए एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया।
इस मौके पर संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कहा कि एसजीआरआर पीजी कॉलेज का यह परिणाम पूरे प्रदेश के छात्र मानस का स्पष्ट संदेश है। उन्होंने दावा किया कि आगामी छात्रसंघ चुनावों में प्रदेशभर के छात्र-छात्राएं एबीवीपी के पक्ष में बढ़-चढ़कर मतदान करेंगे। पदाधिकारियों ने कहा कि यह परिणाम इस बात का प्रमाण है कि आज का युवा राष्ट्रवाद, सुशासन और छात्रहित की सकारात्मक विचारधारा के साथ मजबूती से खड़ा है।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने अपनी जीत पर सभी छात्रों का आभार व्यक्त किया और विश्वास दिलाया कि वे परिसर में शैक्षणिक माहौल को बेहतर बनाने तथा छात्र समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।



