
देहरादून। राजेंद्र नगर कौलागढ़ रोड पर लावारिस घूम रही 18-19 साल की मानसिक रूप से विक्षिप्त युवती को दून पुलिस ने सकुशल उसके परिजनों तक पहुंचाकर मानवता की मिसाल पेश की है।
30 सितंबर को पुलिस चौकी बिंदाल को सूचना मिली थी कि एक युवती लावारिस अवस्था में घूम रही है, जो अपना नाम-पता भी नहीं बता पा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम युवती को चौकी ले आई, लेकिन काफी पूछताछ के बाद भी वह अपने बारे में कोई जानकारी नहीं दे पाई।
सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने युवती को वन स्टॉप सेंटर में दाखिल किया और उसकी जानकारी सीसीआर व अन्य पोर्टलों पर प्रसारित की। साथ ही आसपास के जिलों में सोशल मीडिया के माध्यम से सूचना साझा की गई।
पुलिस के लगातार प्रयासों से युवती के परिजन रुड़की-हरिद्वार में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम युवती को लेकर बताए गए पते पर पहुंची और तस्दीक के बाद उसे सकुशल उसके पिता के सुपुर्द किया।
परिजनों ने बताया कि मां के देहांत के बाद से युवती मानसिक रूप से अस्वस्थ रहने लगी है और अक्सर बिना बताए घर से निकल जाती है। इस बार काफी तलाश करने पर भी वह नहीं मिली थी।
बेटी को सकुशल वापस पाकर परिजनों ने देहरादून पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।



