
देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रदेश में मतदाता सूची में छूटे हुए नामों को शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 8 से 10 अक्टूबर तक प्रदेश के सभी 12,543 मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी विशेष कैंप लगाकर प्री-SIR एवं SIR अभियान के तहत ASDD सूची में शामिल मतदाताओं का सत्यापन कर पात्र मतदाताओं की सूची तैयार करेंगे। 12 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर चिन्हित मतदाताओं से फॉर्म-6 भरवाएंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी जिलों को निर्देश दिए गए हैं कि इस अभियान में राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट और बूथ अवेयरनेस ग्रुप के सदस्यों को शामिल किया जाए। बीएलओ वर्तमान मतदाता सूची का प्री-SIR से पहले की सूची से मिलान करेंगे और ऐसे मतदाताओं की पहचान करेंगे जिनके नाम पहले की सूची में थे लेकिन मौजूदा सूची में नहीं हैं। योग्य पाए गए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भरने में मदद की जाएगी।
बीएलओ घर-घर जाकर यह भी सुनिश्चित करेंगे कि 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे पात्र युवाओं के भी फॉर्म-6 भरे जाएं। अंतिम चरण में ईआरओ बूथवार सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से साझा करेंगे ताकि छूटे हुए मतदाताओं को जोड़ने का एक और अवसर मिल सके।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तूदास उपस्थित रहे।



