
लोकनाट्य ‘चक्रव्यूह’ में महाभारत के प्रसंगों के जरिए दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, देशभर के कवियों और शायरों ने बांधा समां
देहरादून । गढ़ी कैंट स्थित हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित विरासत महोत्सव-2026 में रविवार का दिन उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा। सुबह से ही मेले में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। जहां लोगों ने जमकर खरीदारी की और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया, वहीं आकर्षक सुपर बाइक रैली, पर्यावरण पर आधारित लोकनाट्य ‘चक्रव्यूह’ और शानदार कवि सम्मेलन ने आयोजन में चार चांद लगा दिए।
रविवार की शुरुआत 24 पुरानी मॉडल की मोटरसाइकिलों की भव्य रैली से हुई। रीच संस्था की विरासत आयोजन समिति की संयुक्त सचिव विजयश्री जोशी ने हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। बाइक सवार गढ़ी कैंट, दिलाराम और मसूरी डायवर्जन होते हुए निर्धारित मार्ग पर निकले। इस दौरान ब्रू कासा कैफे में पिट स्टॉप भी लिया गया। रैली में हाई-परफॉर्मेंस मोटरसाइकिलें आकर्षण का केंद्र रहीं। नीति राज रावत और मानव शर्मा की BMW S 1000 RR के साथ रॉयल एनफील्ड कॉन्टिनेंटल GT 650 ने भी लोगों का ध्यान खींचा। सड़क पर बाइक सवारों के रोमांचक अंदाज को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े।

इसके बाद उत्तराखंड की पर्यावरणीय चिंताओं और लोक परंपराओं पर आधारित लोकनाट्य ‘चक्रव्यूह’ का प्रभावशाली मंचन किया गया। डॉ. पुरोहित और सुशील पुरोहित के निर्देशन में प्रस्तुत इस नाटक में महाभारत के प्रसंगों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय से धार्मिक, ऐतिहासिक और सामाजिक पहलुओं को जीवंत कर दिया। नाटक में युधिष्ठिर की भूमिका देवान सिंह, भीम की लोकेश रावत, अर्जुन की आशीष, कृष्ण की अभिनव बिष्ट, सुभद्रा की अंबिका, द्रौपदी की अंजलि और अभिमन्यु की भूमिका आयुष ने निभाई। अन्य कलाकारों ने भी विभिन्न पात्रों के माध्यम से प्रस्तुति को प्रभावशाली बनाया।
लोकनाट्य में पारंपरिक वाद्ययंत्रों और लोकसंगीत ने विशेष रंग भरा। हारमोनियम, हुड़का, थाली, ढोल, दमाऊ, भूमकारे और बांसुरी की मधुर धुनों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। डॉ. शैलेन्द्र मैठाणी, धीरज राणा, दिव्यांशु, अमन, प्रिया राणा, रिया और आशीष ने गायन के माध्यम से प्रस्तुति को और भी आकर्षक बनाया।
कवि सम्मेलन में बही हास्य, शृंगार और गजल की रसधार
विरासत महोत्सव के सांस्कृतिक मंच पर रविवार दोपहर आयोजित कवि सम्मेलन भी खास आकर्षण रहा। दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक चले इस आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे प्रतिष्ठित कवियों और शायरों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। हास्य, शृंगार, ओज, गीत और गजलों की प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण साहित्यिक रंगों में रंग गया।

दिल्ली की सुप्रसिद्ध शृंगार रस की कवयित्री डॉ. रजनी चौहान के संयोजन में आयोजित इस कवि सम्मेलन में मेरठ से राष्ट्रीय कवि अरुण शर्मा, शामली से अंतरराष्ट्रीय शायर एवं साहित्यकार प्रदीप मायूस, वरिष्ठ साहित्यकार एवं गीतकार रमेश चंद्र, बड़ौत से गीतकार डॉ. निखिल चौहान ‘मन’, गजलकार गुरुदत्त और दिव्यांश मिश्रा ने अपनी रचनाओं से खूब वाहवाही बटोरी। संयोजिका डॉ. रजनी चौहान ने भी अपनी शृंगारिक और काव्यात्मक प्रस्तुतियों से श्रोताओं का मन मोह लिया।
कवियों की रचनाओं में कहीं प्रेम और संवेदनाओं की अभिव्यक्ति देखने को मिली, तो कहीं हास्य की फुहारों और ओजपूर्ण काव्य ने श्रोताओं को उत्साहित किया। गीतों और गजलों की प्रस्तुतियों पर खूब तालियां बजीं। डॉ. रजनी चौहान ने कहा कि विरासत जैसे प्रतिष्ठित सांस्कृतिक मंच पर कवियों और साहित्यकारों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर मिलना गौरव की बात है।

कुल मिलाकर रविवार को विरासत महोत्सव में साहित्य, कला, लोकसंस्कृति, रोमांच और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिला। मेले में उमड़ी भीड़ और दर्शकों का उत्साह आयोजन की लोकप्रियता को बयां करता नजर आया।




