
गणेश गोदियाल के नेतृत्व में दिल्ली पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिखाई एकजुटता, राहुल गांधी के समर्थन में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का लिया संकल्प
देहरादून । दिल्ली में रविवार को आयोजित कांग्रेस की ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ महारैली में उत्तराखंड कांग्रेस ने अपनी ताकत का जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश के विभिन्न जिलों से हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली पहुंचकर रैली में भागीदारी की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में उत्तराखंड कांग्रेस का बड़ा जत्था महारैली में शामिल हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
रैली में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, विधायक तिलकराज बेहड़, विधायक विक्रम सिंह नेगी और पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड के कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में रैली में शामिल होकर यह साबित कर दिया है कि प्रदेश कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई में राहुल गांधी के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वोट चोरी के जरिए सत्ता में बने रहने का षड्यंत्र अब देश के सामने उजागर हो चुका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर देशभर में जनता के बीच जाएगी और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि दिल्ली की यह महारैली कथित वोट चोरी के खिलाफ जनता के आक्रोश का प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा वोट चोरी के जरिए लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उत्तराखंड से हजारों कार्यकर्ताओं की भागीदारी इस बात का संदेश है कि कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से संघर्ष करने को तैयार है।
महारैली में उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की व्यापक भागीदारी को प्रदेश संगठन की एकजुटता और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए उसकी तैयारियों के रूप में देखा जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने संकल्प जताया कि लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान और मताधिकार की रक्षा के लिए पार्टी का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।



