
NOPRUF ने 36 सरकारी कार्यालयों में चलाया जनजागरण अभियान, महिला कर्मचारियों ने ‘एक मेहंदी OPS के नाम’ अभियान से बुलंद की आवाज
देहरादून। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा उत्तराखंड (NOPRUF) ने आंदोलन तेज कर दिया है। संगठन की ओर से आगामी 2 नवंबर को देहरादून के परेड ग्राउंड में पेंशन आर-पार महारैली आयोजित की जाएगी। रैली में प्रदेशभर के शिक्षक, अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल होंगे। इसे सफल बनाने के लिए संगठन ने जनसंपर्क और जनजागरण अभियान तेज कर दिया है।
इसी क्रम में संगठन की प्रदेश कार्यकारिणी एवं पदाधिकारियों ने देहरादून के करीब 36 सरकारी कार्यालयों और विभागों का भ्रमण कर कर्मचारियों से संपर्क किया। विकास भवन, कलेक्ट्रेट, पशुपालन विभाग, शिक्षा निदेशालय, स्वास्थ्य निदेशालय, आयुर्वेदिक एवं यूनानी निदेशालय, सहकारिता विभाग, आरईएस और लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न कार्यालयों में पहुंचकर कर्मचारियों से महारैली में भागीदारी की अपील की गई।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली का आंदोलन किसी राजनीतिक दल के पक्ष या विरोध में नहीं, बल्कि कर्मचारियों के सुरक्षित भविष्य और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ा संघर्ष है। अभियान में प्रदेश प्रभारी विक्रम सिंह रावत, प्रदेश अध्यक्ष मनोज अवस्थी, प्रदेश महासचिव सीताराम पोखरियाल, प्रदेश सचिव माखन लाल शाह, कार्यकारी अध्यक्ष पूरण सिंह फरस्वाण, उपाध्यक्ष केदार सिंह फरस्वाण सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री से वार्ता के बाद भी ठोस फैसले का इंतजार
संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने 27 अक्टूबर को मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पुरानी पेंशन बहाली की मांग उठाई थी। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष पूरण सिंह फरस्वाण और चमोली जिलाध्यक्ष सतीश कुमार शामिल थे। संगठन के अनुसार मुख्यमंत्री ने इस विषय पर केंद्र सरकार के स्तर से शीघ्र ठोस निर्णय कराने का आश्वासन दिया। हालांकि संगठन का कहना है कि अब कर्मचारियों को आश्वासन नहीं, बल्कि पुरानी पेंशन बहाली पर ठोस निर्णय चाहिए।
महिला कर्मचारियों ने लगाई OPS के नाम की मेहंदी
पुरानी पेंशन बहाली के समर्थन में प्रदेश महिला अध्यक्ष रनीता विश्वकर्मा के नेतृत्व में ‘एक मेहंदी OPS के नाम’ अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके तहत सैकड़ों महिला कर्मचारियों ने अपने हाथों पर OPS के नाम की मेहंदी लगाकर आंदोलन के प्रति समर्थन जताया। महिला अध्यक्ष ने कहा कि यह अभियान कर्मचारियों और उनके परिवारों की सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी भावनाओं को अभिव्यक्त करता है। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में महिलाएं विभिन्न स्थानों और चौक-चौराहों पर मेहंदी लगाकर पुरानी पेंशन बहाली की मांग उठाएंगी।

NOPRUF ने प्रदेश के सभी प्रांतीय, मंडलीय और जिला पदाधिकारियों सहित शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी संगठनों से 2 नवंबर को परेड ग्राउंड पहुंचकर महारैली को सफल बनाने की अपील की है। संगठन ने स्पष्ट किया कि पुरानी पेंशन बहाली होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
कार्यक्रम: 2 नवंबर 2026, स्थान: परेड ग्राउंड, देहरादून।




