
एंटी नारकोटिक्स टीम की सटीक सूचना पर कार्रवाई; आरोपी युसुफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में गिरफ्तार, क्लेमेंटाउन में मुकदमा दर्ज
देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टीम ने नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 किलो 108 ग्राम चरस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान युसुफ पुत्र तौसीफ (22), निवासी ग्रीन व्यू, दून गली, मालसी, देहरादून, मूल निवासी पटना, बिहार के रूप में हुई है।
एसटीएफ/एएनटीएफ टीम ने तकनीकी और मैनुअल इनपुट विकसित कर सटीक सूचना के आधार पर आशारोड़ी चेक पोस्ट के पास वाहन चेकिंग शुरू की। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई, जिसके काले बैग से 1108 ग्राम चरस बरामद हुई। बरामद मादक पदार्थ का ड्रग डिटेक्शन किट से परीक्षण किया गया, जिसमें चरस होने की पुष्टि हुई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हिमाचल प्रदेश के कसोल क्षेत्र से चरस लेकर देहरादून आया था, जहां उसे इसे बेचना था। पुलिस ने आरोपी को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत गिरफ्तार कर थाना क्लेमेंटाउन, देहरादून में मुकदमा दर्ज किया है। प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ उत्तराखंड ने राज्य को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से एसटीएफ/एएनटीएफ की सभी इकाइयों को नशा तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षकों से नशा विरोधी जनजागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। युवाओं से कहा गया है कि वे नशे से दूर रहें और नशा तस्करी से जुड़ी कोई भी सूचना मिलने पर निकटतम पुलिस स्टेशन अथवा एसटीएफ/एएनटीएफ को तुरंत सूचित करें।
पुलिस कार्रवाई में निरीक्षक भवानी शंकर पंत, उपनिरीक्षक दीपक मैठानी, कांस्टेबल रवि पंत, प्रदीप कुमार, दीपक नेगी, थाना क्लेमेंटाउन के उपनिरीक्षक विवेक भंडारी और कांस्टेबल रणवीर शाह शामिल रहे।



