
ऋषिकेश। 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी अजय गणपति ने शुक्रवार को SDRF उत्तराखंड वाहिनी के सेनानायक पद का कार्यभार संभाल लिया। वह वाहिनी के 11वें सेनानायक बने हैं। इससे पहले वह ऊधमसिंहनगर जनपद में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद अजय गणपति ने वाहिनी मुख्यालय में अधिकारियों एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों के साथ बैठक कर प्रशासनिक व्यवस्था, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, संसाधनों और कार्य संचालन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बल में अनुशासन बनाए रखने, सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा से कार्य करने तथा प्रत्येक पोस्ट पर पर्याप्त कार्मिक और जरूरी रेस्क्यू उपकरण उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेशभर में SDRF की विभिन्न पोस्टों पर तैनात अधिकारियों और जवानों से भी बातचीत की। इस दौरान आपदा एवं बचाव अभियानों में सुरक्षा को सर्वोपरि रखने, निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने और नियमित शारीरिक अभ्यास के माध्यम से फिटनेस बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कार्मिकों को नशे से दूर रहने तथा वाहनों और रेस्क्यू उपकरणों को हर समय तैयार एवं कार्यशील स्थिति में रखने के निर्देश भी दिए।
बैठक के दौरान विभिन्न पोस्टों पर तैनात जवानों की समस्याओं और आवश्यकताओं पर भी चर्चा हुई। सेनानायक ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

अजय गणपति ने SDRF उत्तराखंड की कार्यशैली, क्षमता और उल्लेखनीय उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह देश की अग्रणी SDRF इकाइयों में शामिल है। इस प्रतिष्ठित वाहिनी का नेतृत्व करना उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि SDRF की पहचान और प्रतिष्ठा को बनाए रखना सभी कार्मिकों का साझा दायित्व है। वाहिनी की कार्यक्षमता, दक्षता और पेशेवर क्षमता को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर काम किया जाएगा।
गौरतलब है कि अजय गणपति से पूर्व आईपीएस अर्पण यदुवंशी दो साल से अधिक समय तक SDRF उत्तराखंड के सेनानायक रहे। उनके नेतृत्व में वाहिनी ने अनेक आपदाओं और कठिन रेस्क्यू परिस्थितियों में साहस, समर्पण एवं कुशलता के साथ कार्य करते हुए कई उल्लेखनीय सफलताएं अर्जित कीं।



