
देहरादून। उत्तरकाशी जिले की मोरी तहसील के पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए आम आदमी पार्टी उत्तराखंड ने राहत सामग्री भेजी है। पार्टी की ओर से राशन और कंबलों से भरा राहत वाहन देहरादून से रवाना किया गया। वाहन को प्रदेश कार्यकारी अध्यक्षा उमा गौड़ सिसौदिया और महानगर अध्यक्ष संजय क्षेत्री ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
अग्निकांड में कई परिवारों के घर जलकर नष्ट हो गए, जिससे उनके सामने रहने और दैनिक जरूरतों को पूरा करने का संकट खड़ा हो गया है। घटना की जानकारी मिलते ही आम आदमी पार्टी ने प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए पहल की। राहत सामग्री लेकर हिमांशु पुंडीर और शुभम कुमार गांव पहुंचे तथा बेघर परिवारों को राशन और कंबल वितरित किए। उन्होंने पीड़ितों की समस्याएं सुनते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
प्रदेश कार्यकारी अध्यक्षा उमा गौड़ सिसौदिया ने अग्निकांड पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि जिन परिवारों ने इस हादसे में अपना घर और जीवनभर की जमा-पूंजी खो दी, उनका दर्द बेहद पीड़ादायक है। ऐसे संकट के समय पीड़ितों को सांत्वना के साथ ठोस सहायता की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आपदा या किसी भी दुर्भाग्यपूर्ण घटना में प्रभावित लोगों के साथ खड़ा होना सामाजिक और मानवीय जिम्मेदारी है।
महानगर अध्यक्ष संजय क्षेत्री ने कहा कि राहत सामग्री का पहला वाहन रवाना किया गया है और यह सहायता की शुरुआत है। पवाणी गांव दुर्गम क्षेत्र में स्थित है, जहां राहत पहुंचाना चुनौतीपूर्ण है, लेकिन पार्टी कार्यकर्ता कठिन रास्तों से पहुंचकर जरूरतमंदों की मदद करेंगे। उन्होंने देहरादून की जनता से भी पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की। कहा कि एक कंबल या राशन की एक बोरी भी संकट में घिरे परिवार के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है।
पार्टी ने प्रभावित परिवारों के शीघ्र पुनर्वास और सामान्य जीवन की वापसी की कामना करते हुए कहा कि वह इस कठिन समय में पीड़ितों के साथ खड़ी है और जरूरत के अनुसार सहयोग जारी रखने का प्रयास करेगी।



