
जनगणना-2027: अब हर नागरिक खुद कर सकेगा अपनी गणना, ऑनलाइन पोर्टल पर सीखी स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया
देहरादून। गृह मंत्रालय, भारत सरकार के जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तराखंड (DCO UK) द्वारा मंगलवार को दून विश्वविद्यालय, देहरादून में विशेष ‘स्व-गणना (Self-Enumeration) जागरूकता एवं सहायता शिविर’ का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य जनगणना-2027 के अंतर्गत उपलब्ध डिजिटल स्व-गणना सुविधा के प्रति विद्यार्थियों, शिक्षकों और समाज को जागरूक करना था।
निदेशक ने युवाओं को बनाया डिजिटल गणना का दूत
इस अवसर पर निदेशालय की निदेशक श्रीमती इवा आशीष श्रीवास्तव (आईएएस) ने विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों से संवाद किया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे ऑनलाइन पोर्टल पर स्वयं अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज करें तथा आसपास के लोगों को भी इस सुविधा के प्रति जागरूक करें।

कुलपति ने दिया सक्रिय भागीदारी का आह्वान
दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने निदेशालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों के युवा समाज में डिजिटल जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार से राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया और जनगणना कार्य में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
लाइव डेमो से मौके पर ही पूरी हुई कई लोगों की गणना
उप निदेशक श्री आर. के. बनवारी एवं निदेशालय की तकनीकी टीम ने उपस्थित प्रतिभागियों को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना की स्टेप-बाय-स्टेप प्रक्रिया का सजीव प्रदर्शन दिया। मौके पर ही कई विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की स्व-गणना प्रक्रिया पूर्ण कराई गई।



