
देहरादून। उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष गगनदीप सिंह बेदी ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद अधोईवाला स्थित अल्पसंख्यक कल्याण भवन पहुंचकर आयोग के अध्यक्ष बलजीत सोनी से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूलमंत्र के तहत अल्पसंख्यक समुदाय के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष बलजीत सोनी के साथ मिलकर प्रदेश में सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और समरसता को मजबूत बनाने की दिशा में योगदान देंगे।
वहीं आयोग के अध्यक्ष बलजीत सोनी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में अल्पसंख्यक समुदाय के कल्याण एवं विकास के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आयोग का प्रयास रहेगा कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े जरूरतमंद व्यक्तियों तक पहुंचे। इसके लिए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नियमित अनुश्रवण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और अल्पसंख्यक समुदाय के गणमान्य लोगों ने दोनों पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में आयोग समुदाय के कल्याण, विकास और अधिकारों के संरक्षण के लिए प्रभावी भूमिका निभाएगा।



