
देहरादून। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी के बीच भारतीय जनता पार्टी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार के पांच साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जारी कर अपनी उपलब्धियां जनता के सामने रखीं। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने रिपोर्ट कार्ड का विमोचन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता के समर्थन से भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार अपने कार्यों और जनता से किए गए वादों का हिसाब देने के लिए रिपोर्ट कार्ड लेकर सामने आई है। उन्होंने कहा कि भाजपा वर्ष 2022 में भी अपने कामकाज का विवरण जनता के बीच लेकर गई थी। सरकार ने चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में काम किया है और कई योजनाएं धरातल पर उतारी गई हैं, जबकि शेष वादों पर कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में हर पांच साल में सरकार बदलने की परंपरा को जनता पहले ही तोड़ चुकी है और भाजपा को लगातार दूसरी बार सत्ता सौंपी है। अब पार्टी तीसरी बार सरकार बनाने के लिए जनता के बीच जाएगी।
धामी ने कहा कि सरकार ने युवाओं को रोजगार, महिलाओं के सशक्तीकरण, बच्चों की बेहतर शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को प्रमुख प्राथमिकताओं में रखा है। कोरोना महामारी के दौरान पर्यटन और परिवहन क्षेत्र को राहत देने के लिए 200 करोड़ रुपये का पैकेज दिया गया, जबकि चिकित्सा क्षेत्र के लिए 205 करोड़ रुपये की सहायता उपलब्ध कराई गई। महामारी में माता-पिता को खोने वाले बच्चों के संरक्षण और भविष्य के लिए वात्सल्य योजना शुरू की गई।
उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने और नकल पर अंकुश लगाने के लिए सख्त नकलरोधी कानून लागू किया गया। रोजगार की तैयारी कर रहे 11 हजार युवाओं को ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा दी गई है। इसके अलावा जर्मनी और जापान में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। युवा आयोग के गठन की प्रक्रिया चल रही है तथा स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने के लिए 200 करोड़ रुपये का वेंचर फंड उपलब्ध कराया गया है। मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना के जरिए प्रतिभावान विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जा रही है।

महिलाओं के सशक्तीकरण को लेकर मुख्यमंत्री ने बैणी-भुली योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है। देवभूमि परिवार योजना में परिवार की सबसे वरिष्ठ महिला को मुखिया का दर्जा देकर परिवार में महिलाओं की भूमिका को महत्व दिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश को जल्द 50 हजार आवास मिलने की उम्मीद है, जिससे जरूरतमंद लोगों को घर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की महत्वपूर्ण जल परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि जमरानी बांध परियोजना अब निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि जमरानी बांध को लेकर बचपन से ही चर्चाएं सुनते आए हैं, लेकिन परियोजना को गति डबल इंजन सरकार के कार्यकाल में मिली। लखवाड़, सौंग और किशाऊ बांध जैसी लंबे समय से लंबित योजनाओं को भी आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया है। किशाऊ परियोजना में संबंधित राज्यों की भागीदारी से इसके क्रियान्वयन का रास्ता खुला है।
धामी ने आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में राज्य को मिली उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड के आपदा प्रबंधन विभाग को ब्रिक्स स्तर पर सराहना मिली है। सिलक्यारा सुरंग में हुए बचाव अभियान ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ध्यान आकर्षित किया था। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों के हमलों से होने वाली जनहानि प्रदेश के सामने बड़ी चुनौती है और ऐसे मामलों में प्रभावित परिवारों को दी जाने वाली सहायता राशि बढ़ाकर 10 लाख रुपये की गई है। सैनिकों के सम्मान में उनके गांव अथवा आवास के आसपास प्रतिमाएं स्थापित करने की पहल भी की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2022 के चुनावी संकल्प पत्र में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने और तीन सिलिंडर उपलब्ध कराने जैसे वादे किए गए थे। सरकार इन योजनाओं को शुरू कर चुकी है और अन्य संकल्पों को भी पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए मजबूत नेतृत्व मिला है, जिसके चलते किशाऊ जैसी बड़ी योजनाओं को गति मिल सकी। धामी ने कहा कि भाजपा सरकार आगे भी प्रदेश की जनता की सेवा और विकास कार्यों को जारी रखेगी।




