
देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े मामले में एक नया विवाद खड़ा हो गया है। अंकिता के माता-पिता की शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य तथा अधिवक्ता अनुज पुंडीर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप यह है कि अंकिता और उनके मित्र पुष्पदीप के बीच हुई निजी व्हाट्सएप चैट को सार्वजनिक करके मृतका की निजता, गरिमा और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई गई। इस मामले में अंकिता की मां सोनी देवी और पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी ने 22 नवंबर 2026 को पुलिस को शिकायत सौंपी थी।
शिकायत के अनुसार, हत्याकांड की सुनवाई के दौरान अंकिता और पुष्पदीप के बीच की व्हाट्सएप चैट को इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य के रूप में संकलित किया गया था, जिसमें दोनों की निजी बातचीत भी शामिल थी। बचाव पक्ष के अधिवक्ता अनुज पुंडीर ने सुनवाई के दौरान इन निजी चैट के आधार पर गवाहों से सवाल पूछने का प्रयास किया, लेकिन अदालत ने उन सवालों को अप्रासंगिक मानते हुए अनुमति नहीं दी और मृतका की व्यक्तिगत गरिमा तथा निजता को ध्यान में रखते हुए आपत्ति स्वीकार कर ली थी।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि इस मामले में उत्तराखंड हाईकोर्ट के समक्ष भी निजी चैट की संवेदनशीलता और निजता का मुद्दा उठ चुका था। इसके बावजूद 15 नवंबर को हरिद्वार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विनोद आर्य पर अंकिता और उनके मित्र की निजी व्हाट्सएप चैट को सार्वजनिक रूप से प्रसारित और प्रदर्शित करने का आरोप है। अंकिता के माता-पिता ने इसे मृतका की निजता, गरिमा और सम्मान को आघात पहुंचाने वाला कृत्य बताया है और कहा है कि इससे परिवार को गहरा मानसिक कष्ट भी हुआ है। शिकायत में विनोद आर्य और अधिवक्ता अनुज पुंडीर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता-2023 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम-2000 की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई थी।
25 नवंबर तक शिकायत दर्ज न होने से नाराज अंकिता के माता-पिता सुबह से देहरादून के गांधी पार्क में धरने पर बैठ गए थे। उनकी मांग थी कि विनोद आर्य और उनके वकील के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। दिनभर धरना-प्रदर्शन के बाद अंकिता के माता-पिता विपक्ष के कई नेताओं के साथ पुलिस मुख्यालय पहुंचे और एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था से मुलाकात कर अपनी शिकायत रखी तथा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत पर शून्य प्राथमिकी दर्ज कर ली और नियमानुसार मामला हरिद्वार पुलिस को स्थानांतरित कर दिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 25 नवंबर 2026 को शाम 5 बजकर 32 मिनट पर थाना राजपुर, देहरादून में भारतीय न्याय संहिता की धारा 356(2), 79 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम-2000 की धारा 66C और 66D के तहत शून्य प्राथमिकी दर्ज की गई। अब आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई नगर कोतवाली हरिद्वार पुलिस करेगी।



