
उपनल कर्मियों की तर्ज पर समान कार्य-समान वेतन देने की मांग, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
विकासनगर। प्रदेश की तहसीलों में भूलेख केंद्रों पर कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटरों को उपनल कर्मियों की तर्ज पर समान कार्य-समान वेतन का लाभ दिलाने की मांग को लेकर जन संघर्ष मोर्चा ने तहसील विकासनगर में प्रदर्शन कर घेराव किया। मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार जीडी जोशी को सौंपा।
रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश में करीब 120 कंप्यूटर ऑपरेटर एवं डाटा एंट्री ऑपरेटर पिछले 15 से 20 वर्षों से सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें अब तक शासनादेश के अनुरूप वेतन संबंधी लाभ नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग ने जून 2016 के शासनादेश में इन कार्मिकों को उपनल कर्मचारियों की भांति मानदेय देने का प्रावधान किया था, लेकिन इसका प्रभावी अनुपालन नहीं किया जा रहा है।
नेगी के अनुसार, वर्तमान में उपनल के माध्यम से नियुक्त कार्मिकों को समान कार्य-समान वेतन का लाभ अनुमन्य किया जा चुका है। ऐसे में भूलेख केंद्रों पर कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटर भी इस लाभ के पात्र हैं। उन्होंने बताया कि राजस्व परिषद उत्तराखंड ने 14 अगस्त 2026 को शासन को भेजी अपनी रिपोर्ट में भी स्पष्ट किया था कि इन कार्मिकों का मानदेय उपनल कर्मियों के समान स्वतः परिवर्तित होना चाहिए। इसके बावजूद उन्हें लाभ से वंचित रखा जा रहा है।

मोर्चा अध्यक्ष ने कहा कि कर्मचारियों के साथ लंबे समय से हो रही इस अनदेखी के खिलाफ संगठन आवाज उठाता रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द ही इस मामले को मुख्यमंत्री के समक्ष भी रखा जाएगा, ताकि कार्मिकों को उनका जायज हक मिल सके।
प्रदर्शन में मोर्चा महासचिव आकाश पंवार, विजय राम शर्मा, मोहम्मद आरिफ, हाजी असद, बृजलाला टम्टा, प्रवीण शर्मा पिन्नी, संजय गुप्ता, गुलफाम अली, वाहिद कुरैशी, मानचंद राणा, रूपचंद, विक्रम सिंह पाल, नदीम, अतुल हांडा, परितोष सरकार, भीम सिंह बिष्ट, शराफत अली, अशोक गुप्ता, अतर सिंह नेगी, विनय गुप्ता, प्रमोद शर्मा, विनोद जैन, प्रवीण कुमार, परिमल गोस्वामी, प्रवेश तोमर, अंकुर चौरसिया, अजीत चौधरी, नसीम, देव सिंह चौधरी, अनिल गौड़, सायरा बानो, नाहिद खान, समून, गफूर, चौधरी मामराज, शेर सिंह चौधरी, नौशाद, मनीष कुमार, श्रवण गर्ग, क्रिस्टीना, सुषमा, राघव भल्ला, जसकीरत सिंह, जयपाल सिंह, सलीम मिर्जा, भूरा, सुनील कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।



