
मोरी के पवाणी गांव में अग्निकांड से 25 से 30 परिवार प्रभावित, सुरक्षित आवास, राहत सामग्री और उचित मुआवजे की उठाई मांग
देहरादून। उत्तरकाशी जनपद के विकासखंड मोरी की ग्राम पंचायत पवाणी में हुए भीषण अग्निकांड के बाद पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने तत्परता दिखाते हुए देहरादून पहुंचकर मुख्यमंत्री से व्यक्तिगत मुलाकात की और अग्निकांड प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। विधायक ने मुख्यमंत्री को पत्र सौंपकर घटना की गंभीरता से अवगत कराया और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए आवश्यक कदम शीघ्र उठाने का आग्रह किया।
24 नवंबर को शाम करीब चार बजे पवाणी गांव में हुए अग्निकांड ने कई परिवारों को संकट में डाल दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग से लगभग 25 से 30 परिवार प्रभावित हुए हैं, जबकि गांव में कुल 50 से 60 परिवार निवास करते हैं। अग्निकांड के चलते प्रभावित परिवारों के सामने आवास, भोजन और रोजमर्रा की आवश्यकताओं का संकट खड़ा हो गया है।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान विधायक ने बताया कि दुर्गम क्षेत्र होने के कारण अग्निकांड स्थल तक अग्निशमन वाहन, आग बुझाने की मशीनरी और आवश्यक संसाधन समय पर नहीं पहुंच पाए। गांव में आग बुझाने के पर्याप्त साधन उपलब्ध नहीं होने के कारण आग पर नियंत्रण पाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, जिससे आसपास के अन्य घरों एवं परिवारों के भी प्रभावित होने की आशंका बनी रही।

विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि अग्निकांड प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर ठहराने की व्यवस्था की जाए तथा उनके लिए भोजन, पेयजल, कंबल, कपड़े और अन्य जरूरी राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने नुकसान का शीघ्र स्थलीय सर्वेक्षण कर प्रभावित परिवारों को उचित एवं पर्याप्त मुआवजा प्रदान करने की मांग भी की।
विधायक ने कहा कि इस आपदा की घड़ी में प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता मिलना बेहद जरूरी है। प्रशासन को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाते हुए प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद उपलब्ध करानी चाहिए, ताकि वे इस संकट से उबरकर फिर से सामान्य जीवन की ओर लौट सकें।



