
श्रीनगर (पौड़ी)। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने बृहस्पतिवार को नगर निगम श्रीनगर पहुंचकर कर, स्थापना, लेखा और निर्माण समेत कई अनुभागों के कामकाज का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को जरूरी निर्देश देते हुए नगर निगम की कार्यप्रणाली को ज्यादा प्रभावी, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने पर जोर दिया।
कर अनुभाग में डीएम ने कर वसूली, देयकों और भुगतान की स्थिति परखी। उन्होंने कहा कि वसूली की प्रक्रिया नियमित चले और राजस्व के कामों में बेवजह देरी न हो। लंबित देयकों का समय पर निस्तारण करने और राजस्व संग्रहण की प्रभावी निगरानी के भी निर्देश दिए। आधार सेवा केंद्र का निरीक्षण कर उन्होंने वहां मिल रही सुविधाओं को अच्छा बताया और कहा कि स्थानीय स्तर पर ऐसी सेवाएं होने से आमजन को सहूलियत मिल रही है। साथ ही केंद्र का अधिक प्रचार-प्रसार करने को कहा।
स्थापना अनुभाग में कार्यरत और सेवानिवृत्त कर्मचारियों का कोई भी देयक लंबित न मिलने पर डीएम ने संतोष जताते हुए अनुभाग के काम की सराहना की। उन्होंने कार्यालयी कार्य सुव्यवस्थित ढंग से करने और अभिलेखों का उचित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लेखा अनुभाग में नगर निगम के आय-व्यय, विभिन्न मदों के भुगतान और वित्तीय कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए डीएम ने भुगतान संबंधी कार्यों का समयबद्ध निस्तारण करने पर बल दिया। निर्माण अनुभाग में चल रहे और प्रस्तावित कार्यों की प्रगति परखते हुए उन्होंने सभी काम तय समय में गुणवत्ता के साथ पूरे कराने को कहा। उन्होंने नियमित निगरानी और गुणवत्ता जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने उपस्थित पार्षदों से संवाद कर उनके क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं से जुड़े विषयों की जानकारी ली।
इसके बाद डीएम ने महापौर और उपजिलाधिकारी के साथ आगामी बैकुंठ चतुर्दशी मेले की तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने मेले में स्वच्छता, पेयजल, यातायात, सुरक्षा समेत अन्य व्यवस्थाएं बेहतर करने पर जोर दिया, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को परेशानी न हो। मेले के लिए नामित नोडल अधिकारियों को अपने-अपने विभागों की व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने और आपसी समन्वय से आयोजन को सफल बनाने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने नगर निगम के चार्ज अधिकारियों के लिए आयोजित जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम में भी प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण ले रहे अधिकारियों-कर्मचारियों से संवाद कर उन्होंने उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसे गंभीरता, जिम्मेदारी और आपसी तालमेल से पूरा किया जाना जरूरी है। उन्होंने कार्मिकों से प्रशिक्षण में मिली जानकारी का प्रभावी उपयोग करते हुए जनगणना का काम तय दिशा-निर्देशों के अनुरूप करने की अपेक्षा जताई।

इस मौके पर महापौर आरती भंडारी, एसडीएम नूपुर वर्मा, तहसीलदार दीपक भंडारी समेत नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।




