
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल और परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने किया शिविर का शुभारंभ, गुजरात से पहुंचे नौ विशेषज्ञ हृदय रोग चिकित्सकों ने की मरीजों की जांच
दून अस्पताल के चिकित्सकों और 11 नर्सिंग स्टाफ ने भी दी सेवाएं, आरबीएसके के माध्यम से हृदय रोग से पीड़ित बच्चों को भी मिला उपचार परामर्श
देहरादून। श्री सत्य साईं सेवा संगठन उत्तराखंड की ओर से रविवार को रायपुर स्थित साईं ग्रेस एकेडमी-5 इंटरनेशनल में विशाल निःशुल्क हृदय रोग जांच एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल और परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने संयुक्त रूप से किया। शिविर में करीब 550 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की हृदय संबंधी समस्याओं की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई।
शिविर में गुजरात के राजकोट और अहमदाबाद से पहुंचे नौ विशेषज्ञ हृदय रोग चिकित्सकों की टीम ने अपनी सेवाएं दीं। इसके अतिरिक्त उत्तराखंड सरकार के सहयोग से दून अस्पताल के चिकित्सकों और 11 नर्सिंग स्टाफ ने भी मरीजों की जांच एवं स्वास्थ्य परीक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिविर में देहरादून के साथ ही हरिद्वार के दूरस्थ क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर की विशेष पहल के तहत राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के माध्यम से हृदय रोग से पीड़ित बच्चों को भी यहां लाया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति का परीक्षण किया और उनकी बीमारी के अनुसार आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। इस पहल से जरूरतमंद परिवारों को विशेषज्ञ डॉक्टरों तक पहुंचने का अवसर मिला।
इस अवसर पर श्री सत्य साईं सेवा संगठन उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल योगेंद्र सिंह ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए विशाल निःशुल्क हृदय रोग जांच शिविर आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को कई बार विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में इस प्रकार के शिविर उनके लिए काफी उपयोगी साबित होते हैं। संगठन आगे भी सेवा और मानव कल्याण के कार्यों को इसी भावना के साथ जारी रखेगा।
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आमजन को समय पर स्वास्थ्य परीक्षण और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों में समय पर जांच और उचित चिकित्सकीय परामर्श बेहद आवश्यक है।

परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने श्री सत्य साईं सेवा संगठन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि निःशुल्क चिकित्सा शिविरों का आयोजन समाजसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। ऐसे आयोजन जरूरतमंद लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ ही समाज में सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी से जनकल्याण के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
शिविर के सफल आयोजन में उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड के ट्रस्टी दीपक नौटियाल, संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय स्वरूप, सेवा प्रमुख नीरज थापा तथा साईं ग्रेस स्कूल के निदेशक समरजीत सिंह का विशेष योगदान रहा।
इस दौरान सज्जन थापा, चांद बल्लभ, प्रकाश जोशी, कार्तिक चांदना, अमित शर्मा, दिनेश पाल, किरण अहलूवालिया, बीना जोशी, रीता पेंट, राधा वल्लभ, सपना थापा, कादंबरी शर्मा और सोनिया धार सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
शिविर के माध्यम से लोगों को हृदय रोगों के प्रति जागरूक करते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित जीवनशैली अपनाने और बीमारी के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने का संदेश दिया गया। आयोजकों ने कहा कि समय रहते बीमारी की पहचान और चिकित्सकीय परामर्श से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव में मदद मिल सकती है।



