
हरिद्वार। हरिद्वार में सार्वजनिक परिवहन को नया रूप देने के लिए प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत 37 इलेक्ट्रिक बसें चलाने की तैयारी तेज हो गई है। शुक्रवार को सीसीआर भवन में मेलाधिकारी सोनिका और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की संयुक्त अध्यक्षता में योजना की समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने पीपीटी के जरिए पूरा प्लान रखा। हरिद्वार को 37 बसें आवंटित हुई हैं। ये सभी 9 मीटर लंबी, 30 सीटर और वातानुकूलित होंगी। स्मार्ट सिटी मॉडल के तहत नगर के करीब 15 किलोमीटर मुख्य क्षेत्र में सर्कुलर सेवा चलाई जाएगी। पूरी योजना एक सर्कुलर मार्ग और सात फीडर मार्गों पर आधारित है।
सर्कुलर मार्ग हरिद्वार रेलवे स्टेशन से ऋषिकुल, चंद्राचार्य चौक, भगत सिंह चौक, बीएचईएल सेक्टर-2 बैरियर, ज्वालापुर, दुर्गा चौक, शंकराचार्य चौक, सिंहद्वार, डामकोठी और तुलसी चौक होते हुए वापस स्टेशन तक प्रस्तावित है। फीडर मार्ग रोशनाबाद-पेंटागन मॉल-शिवालिक नगर-बीएचईएल सेक्टर-2, पतंजलि-जटवाड़ा पुल-दुर्गा चौक-ज्वालापुर, बहादराबाद, लक्सर रोड पर धनपुरा-जगजीतपुर-सिंहद्वार, शांतिकुंज और लालढांग को इस रिंग से जोड़ेंगे।
पहले चरण में सर्कुलर मार्ग के साथ रोशनाबाद, बहादराबाद और पतंजलि कॉरिडोर पर बसें चलाई जाएंगी, ताकि इन रूटों पर यात्रियों को करीब 10 मिनट में बस मिल सके। सभी प्रस्तावित स्टॉप पर बस स्टॉप बनाए जाएंगे।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने निर्देश दिए कि कनखल चौक, पुराना आरटीओ और सप्तऋषि क्षेत्र को भी इस नेटवर्क में शामिल किया जाए, जिससे अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके। साथ ही चार्जिंग और डिपो व्यवस्था समय पर पूरी करने को कहा।
बैठक में नगर आयुक्त नंदन कुमार, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, एआरटीओ नेहा झा, एआरटीओ रुड़की जितेंद्र चंद्र, प्रभारी निरीक्षक यातायात संदीप नेगी और उपनिरीक्षक मुकेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



