
उत्तराखंड एसटीएफ और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 268 ग्राम स्मैक बरामदगी के मामले में लंबे समय से था फरार
हरिद्वार। महाराष्ट्र के थाना आनचोले क्षेत्र में 268 ग्राम स्मैक बरामदगी के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को उत्तराखंड एसटीएफ और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त टीम ने हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान फैजान पुत्र फुरकान, उम्र 24 वर्ष, निवासी पाडली गुज्जर, थाना गंगनहर, हरिद्वार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ग्राम चांदपुर, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार का निवासी बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, महाराष्ट्र के थाना आनचोले में आरोपी के विरुद्ध क्राइम नंबर 421/2026 के तहत धारा 8/21/29(सी) एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज है। इस मामले में 268 ग्राम स्मैक बरामद की गई थी। मुकदमा दर्ज होने के बाद से फैजान पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और लंबे समय से फरार चल रहा था।
महाराष्ट्र पुलिस ने वांछित आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के लिए उत्तराखंड एसटीएफ से समन्वय किया था। इसके बाद एसटीएफ और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी की गतिविधियों और संभावित ठिकानों के संबंध में तकनीकी सर्विलांस समेत अन्य माध्यमों से जानकारी जुटाई। जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन थाना गंगनहर क्षेत्र में चिन्हित हुई, जिसके आधार पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए महाराष्ट्र पुलिस के सुपुर्द किया जा रहा है। आरोपी के विरुद्ध महाराष्ट्र के थाना आनचोले में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में आगे की कार्रवाई महाराष्ट्र पुलिस द्वारा की जाएगी।
संयुक्त कार्रवाई में उत्तराखंड एसटीएफ की ओर से निरीक्षक भवानी शंकर पंत, उपनिरीक्षक दीपक मैठाणी, हेड कांस्टेबल संजय, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र नौटियाल और कांस्टेबल प्रदीप शामिल रहे। कार्रवाई में महाराष्ट्र की एंटी नारकोटिक्स टीम ने भी सहयोग किया।




