
बकाया भुगतान को लेकर देवभूमि जल शक्ति कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन में आक्रोश, जल्द भुगतान नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान
देहरादून । जल जीवन मिशन के तहत कराए गए कार्यों का लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण देवभूमि जल शक्ति कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन, देहरादून से जुड़े ठेकेदारों में भारी नाराजगी है। भुगतान नहीं मिलने से आर्थिक संकट का सामना कर रहे ठेकेदारों ने इस वर्ष की दिवाली को ‘काली दिवाली’ करार दिया। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बकाया भुगतान नहीं किया गया तो ठेकेदार एक बार फिर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेंगे।
इस संबंध में रविवार को चंदन नगर स्थित एसोसिएशन के प्रमुख कार्यालय में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में ठेकेदारों ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत किए गए कार्यों का भुगतान लंबे समय से लंबित रहने पर रोष जताया। बैठक को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने कहा कि ठेकेदार अपने बकाया भुगतान के लिए सचिवालय और संबंधित विभागों के चक्कर काटकर थक चुके हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि भुगतान नहीं होने के कारण ठेकेदार अपने मजदूरों और वेंडरों तक का पैसा नहीं चुका पा रहे हैं। इससे न केवल ठेकेदार बल्कि उनसे जुड़े श्रमिकों और अन्य लोगों के सामने भी आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। अग्रवाल ने कहा कि एक ओर प्रदेश में राज्य स्थापना दिवस का जश्न मनाया जा रहा है और त्योहारों की रौनक है, वहीं दूसरी ओर भुगतान नहीं मिलने से ठेकेदारों और उनके परिवारों के सामने आर्थिक तंगी की स्थिति बनी हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और विभागीय अधिकारियों की अनदेखी के कारण ठेकेदारों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जब किए गए कार्यों का भुगतान ही नहीं होगा तो मजदूरों और वेंडरों का हिसाब कैसे चुकाया जाएगा। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ठेकेदार कब तक इस आर्थिक संकट का सामना करते रहेंगे।
बैठक में मौजूद सभी ठेकेदारों ने एसोसिएशन की मांगों का समर्थन करते हुए एकजुटता जताई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि जल्द बकाया भुगतान जारी नहीं किया गया तो सभी ठेकेदार पुनः अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को बाध्य होंगे। एसोसिएशन के अनुसार हड़ताल की तिथि और आगे की रणनीति की जानकारी शीघ्र सार्वजनिक की जाएगी।


