
देवभूमि रजत जयंती पार्कों से ऋषिकेश में चार जनपदों के नौ नगर निकायों को तोहफा
ऋषिकेश। राज्य स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को ऋषिकेश के चन्द्रेश्वरनगर में आयोजित समारोह में देवभूमि रजत जयंती पार्कों एवं विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इस दौरान देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और उत्तरकाशी के नौ नगर निकायों में विकसित पार्क जनता को समर्पित करने के साथ ही देहरादून जनपद में 36 करोड़ रुपये से अधिक की सात विकास योजनाओं का शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री ने नगर निकायों की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए आठ कूड़ा संग्रहण वाहनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रजत जयंती के संकल्प के अनुरूप राज्य स्थापना की स्मृतियों को समारोहों तक सीमित न रखते हुए धरातल पर विकास के रूप में दिखाया जा रहा है। उन्होंने कहा, “जहां कभी कूड़े के ढेर और झाड़ियां होती थीं, वहां अब हरे-भरे सार्वजनिक स्थल विकसित हो रहे हैं। ये पार्क बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी के लिए उपयोगी होंगे और इनमें राज्य की संस्कृति, लोक परंपराओं व स्थानीय वनस्पति की झलक भी दिखेगी।” उन्होंने जनभागीदारी से पार्कों के रखरखाव पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने राज्य की स्वच्छता उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया कि प्रदेश के सभी 108 नगर निकाय खुले में शौच से मुक्त हो चुके हैं, जबकि ऋषिकेश व हरिद्वार को वाटर प्लस प्रमाणन मिल चुका है। शहरी क्षेत्रों में 90 प्रतिशत से अधिक कचरे का वैज्ञानिक प्रसंस्करण किया जा रहा है और पुराने कचरे के निस्तारण से लगभग 109 एकड़ भूमि पुनः उपयोग योग्य बनाई गई है। रुद्रपुर व मसूरी में कचरे से बायोगैस का उत्पादन हो रहा है, जबकि चारधाम यात्रा मार्गों पर डिजिटल डिपॉजिट-रिफंड व्यवस्था से 60 हजार किलो से अधिक प्लास्टिक एकत्र किया गया है। 107 नगर निकायों के लिए करीब 1,375 करोड़ रुपये की स्वच्छता कार्ययोजना तैयार है, जिसके तहत 27 सीवेज व फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट लगाए जा रहे हैं।
पेयजल व आधारभूत सुविधाओं पर जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अमृत योजना के प्रथम चरण की 151 में से 148 परियोजनाएं पूरी होकर 72 हजार से अधिक घरों को नल कनेक्शन दे चुकी हैं। अमृत 2.0 के तहत करीब 650 करोड़ रुपये की परियोजनाओं से 40 हजार अतिरिक्त घरों तक पेयजल पहुंचेगा। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 50 हजार से अधिक परिवारों को पक्के मकान मिल चुके हैं, जबकि 114 शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों से तीन लाख से अधिक लोग लाभान्वित हुए हैं।


स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयनित रुद्रपुर व काशीपुर नगर निगमों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सामूहिक प्रयासों का फल है। उन्होंने नौकरी रोजगार, नकल विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता और भू-कानून जैसे निर्णयों का उल्लेख करते हुए प्रदेशवासियों से स्वच्छता व विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, महापौर शंभू पासवान, राज्य महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल, निदेशक शहरी विकास विनोद गिरी गोस्वामी समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


