
प्रो. श्रीप्रकाश सिंह बोले, पौधे लगाना काफी नहीं, उन्हें पेड़ बनने तक संभालना भी जरूरी
श्रीनगर (गढ़वाल)।हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह सोमवार को केदारनाथ धाम पहुंचे। उन्होंने बाबा केदार के दर्शन कर देश और प्रदेश में सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। इसके बाद उन्होंने धाम परिसर में बुरांश और देवदार के पौधे रोपे और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कुलपति ने कहा कि हिमालय केवल प्राकृतिक धरोहर नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सामाजिक पहचान का आधार भी है। इसकी जैव विविधता को बचाना सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान, अनियमित बारिश और संसाधनों पर बढ़ते दबाव के दौर में पौधरोपण की भूमिका और अहम हो गई है।
प्रो. सिंह ने कहा कि सिर्फ पौधे लगा देना काफी नहीं है। उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी जरूरी है। जब तक पौधे वृक्ष बनकर पर्यावरण को लाभ नहीं देते, तब तक पौधरोपण का मकसद पूरा नहीं माना जा सकता। उन्होंने कहा कि केदारनाथ जैसे उच्च हिमालयी क्षेत्र प्राकृतिक और आध्यात्मिक दृष्टि से खास महत्व रखते हैं। यहां की वन संपदा, जल स्रोत और पर्वतीय वनस्पतियां हिमालयी पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभाती हैं। ऐसे क्षेत्रों में प्रकृति के अनुकूल विकास और वनों का संरक्षण समय की जरूरत है।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड का राज्य वृक्ष बुरांश अपनी लालिमा और औषधीय गुणों के लिए जाना जाता है। वसंत में खिलने वाले इसके फूल पहाड़ों की सुंदरता बढ़ाते हैं और पारंपरिक रूप से पेय व स्थानीय उत्पादों में इस्तेमाल होते हैं। इसके वृक्ष पक्षियों और अन्य जीवों के लिए भी अनुकूल वातावरण देते हैं। वहीं देवदार हिमालयी क्षेत्र का अहम शंकुधारी वृक्ष है, जो लंबी आयु, सदाबहार प्रकृति और मजबूत लकड़ी के लिए पहचाना जाता है। देवदार के वन पर्वतीय पारिस्थितिकी, मृदा संरक्षण और प्राकृतिक आवासों को बनाए रखने में योगदान देते हैं।
कुलपति ने कहा कि स्थानीय जलवायु, ऊंचाई और मिट्टी के अनुरूप प्रजातियों का चयन भी जरूरी है। प्रकृति और विकास के बीच संतुलन से ही आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ पर्यावरण और समृद्ध प्राकृतिक विरासत मिल सकती है। उन्होंने भरोसा जताया कि समाज, शैक्षणिक संस्थानों और युवाओं की साझा भागीदारी से पर्यावरण संरक्षण को जनांदोलन बनाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने और प्राकृतिक धरोहर को बचाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

इस मौके पर केदारनाथ के पुजारी अरविंद पोस्ती, हैप्रेक के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. सुदीप सेमवाल, मुकेश करासी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




